बेगूसराय में ज्वेलर्स पर हमला कर स्कूटी लूटी, पिस्तौल के बट से मारकर किया जख्मी, पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद की गाड़ी

जयप्रकाश ज्वेलरी के प्रोपराइटर जख्मी | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के मंसूरचक में एक ज्वेलरी दुकानदार से हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की। स्कूटी सवार व्यवसायी पर हमला कर सोने के आभूषण और नकदी लूट ली गई। पुलिस ने लूटी गई स्कूटी बरामद कर ली है और अपराधियों की तलाश जारी है।
Begusarai Jeweller Loot Case : बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बहुआरा-मोमिनाबाद मुख्य सड़क पर चार अज्ञात अपराधियों ने स्कूटी सवार व्यवसायी पर हमला कर पिस्तौल के बट से घायल कर दिया और स्कूटी लेकर फरार हो गए. हालांकि पुलिस ने लूटी गई स्कूटी को लावारिस हालत में बरामद कर जांच तेज कर दी है.
Begusarai News : केले का तना रखकर रोकी स्कूटी, फिर किया हमला
पीड़ित जयप्रकाश साह ने बताया कि वह रोज की तरह मिल्की बम्बया स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. स्कूटी की डिक्की में करीब 10 ग्राम सोने के आभूषण और 35,300 रुपये नकद रखे थे. बहुआरा सड़क पर बीच रास्ते केले का तना रखा हुआ था. जैसे ही उन्होंने स्कूटी रोकी, पहले से घात लगाए चार अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया और पिस्तौल के बट से मारकर घायल कर स्कूटी लेकर फरार हो गए.
घायल व्यवसायी का अस्पताल में इलाज
हमले के बाद जयप्रकाश साह ने शोर मचाया, लेकिन हथियारबंद अपराधियों के डर से आसपास के लोग तुरंत मौके पर नहीं पहुंचे. बाद में स्थानीय लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी. गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंसूरचक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
लावारिस हालत में मिली स्कूटी, जांच में जुटी पुलिस
घटना की शिकायत पर मंसूरचक थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कांड संख्या 120/26 दर्ज किया गया है. थानाध्यक्ष गोविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने लूटी गई स्कूटी (बीआर 09 एएच 2514) को नयाटोल छोटी पुलिया के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया है. मामले की जांच जारी है और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
व्यवसायियों में दहशत, पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के व्यवसायियों में भय का माहौल है. स्थानीय लोग जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और लूट की गुत्थी सुलझाने की मांग कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज झा
पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










