जयमंगला वाहिनी परिवार ने श्रद्धालुओं के बीच बांटे पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

पौधा प्रदान करते प्रतिनिधि
Begusarai News : बेगूसराय के काली मंदिर परिसर में जयमंगला वाहिनी परिवार ने श्रद्धालुओं के बीच पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया और वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।
Begusarai News : जयमंगला वाहिनी परिवार की ओर से 'नियत समय पर नियमित मंदिर अभियान' के तहत शनिवार को काली मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच पौधों का वितरण किया गया. अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था.
ऑक्सीजन के महत्व को समझाते हुए वृक्षारोपण का दिया संदेश
इस अवसर पर सिंह मालिक उर्फ अवनीश ने कहा कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन सबसे आवश्यक है और इसके बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि लोग दुर्गा पूजा जैसे अवसरों पर नौ दिनों तक उपवास कर लेते हैं, लेकिन ऑक्सीजन के बिना कुछ मिनट भी जीवित रहना कठिन है. इसी सोच के साथ श्रद्धालुओं के बीच पौधों का वितरण किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं.
केवल पौधे लगाना नहीं, उनका संरक्षण भी जरूरी
जयमंगला वाहिनी परिवार के मीडिया प्रभारी सुमित कुमार और अभिजीत रंजन सिंह ने कहा कि मौसम में हो रहे असामान्य बदलाव, अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा और प्राकृतिक आपदाएं पर्यावरण के साथ लगातार हो रहे छेड़छाड़ का परिणाम हैं. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है. उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण का भी आग्रह किया.
श्रद्धालुओं को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान शिवम ने उपस्थित श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया और प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की. इस अवसर पर शिवम, सुमित, अभिजीत, अवनीश, प्रिंस, कुणाल भारद्वाज, चंदा चौहान, अमित चौहान, अल्पना, खुशबू सहित जयमंगला वाहिनी परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










