होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूली का उठा मुद्दा

Published by :MANISH KUMAR
Published at :29 Apr 2026 8:55 PM (IST)
विज्ञापन
होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूली का उठा मुद्दा

अनुमंडल सभागार में बुधवार को आपूर्ति अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक एसडीओ सन्नी कुमार सौरव की अध्यक्षता में आयोजित की गयी.

विज्ञापन

बखरी. अनुमंडल सभागार में बुधवार को आपूर्ति अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक एसडीओ सन्नी कुमार सौरव की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में गैस आपूर्ति व्यवस्था में लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर सदस्यों ने जोरदार तरीके से अपनी बात रखी और एजेंसी संचालकों की कार्यशैली पर नाराजगी जतायी. सदस्यों ने बताया कि गैस एजेंसी के कर्मी उपभोक्ताओं का फोन तक नहीं उठाते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है. कई मामलों में उपभोक्ताओं के मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज आ जाता है, लेकिन वास्तविक रूप से गैस की आपूर्ति नहीं की जाती है. वहीं, ओटीपी प्राप्त होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायतें भी सामने आयी है. बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि गैस वेंडर होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूली कर रहे हैं. इसके अलावा एजेंसी संचालकों द्वारा दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति नहीं करने के कारण एजेंसी कार्यालयों पर अनावश्यक भीड़ जमा हो रही है.सदस्यों ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं के पासबुक में मोबाइल नंबर बदलने और पते में सुधार के नाम पर भी पैसे लिए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है. वहीं राशन कार्ड में सुधार के दौरान कई जरूरतमंद लोगों के नाम कट जाने की शिकायत भी बैठक में उठायी गयी. इस पर एजेंसी संचालकों ने सफाई देते हुए कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण कई बार ओटीपी और डिलीवरी मैसेज समय पर नहीं पहुंच पाता है. उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में तीन दिनों के भीतर और शहरी क्षेत्रों में दो दिनों के भीतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ सन्नी कुमार सौरव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से एजेंसी कार्यालय आने की जरूरत नहीं है. वे ऑनलाइन भुगतान कर घर बैठे ही गैस की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने एजेंसी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी. एसडीओ ने विशेष रूप से होम डिलीवरी के नाम पर की जा रही अवैध वसूली पर नाराजगी जतायी और इस मामले को वरीय अधिकारियों तक भेजने की बात कही. साथ ही उन्होंने कहा कि जिन जरूरतमंद लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है,वे आवेदन देकर नया राशन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं. बैठक में आपूर्ति अधिकारी कुमारी स्वाति, गढ़पुरा के गोविंद कुमार, एजीएम प्रीति कुमारी, दीपशिखा सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्षद उपस्थित थे.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन