ePaper

नाटक कैकेई में कलाकारों ने अभिनय से दर्शकों का जीता दिल, लूटी वाहवाही

Updated at : 14 Dec 2025 9:05 PM (IST)
विज्ञापन
नाटक कैकेई में कलाकारों ने अभिनय से दर्शकों का जीता दिल, लूटी वाहवाही

रंग संस्था द प्लेयर्स एक्ट द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से दिनकर कला भवन, बेगूसराय में आयोजित चतुर्थ राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव रंग उत्सव में शनिवार की रात रंग दूत, सीधी, मध्य प्रदेश की नाट्य प्रस्तुति "कैकेई " का मंचन किया गया.

विज्ञापन

बेगूसराय. रंग संस्था द प्लेयर्स एक्ट द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से दिनकर कला भवन, बेगूसराय में आयोजित चतुर्थ राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव रंग उत्सव में शनिवार की रात रंग दूत, सीधी, मध्य प्रदेश की नाट्य प्रस्तुति “कैकेई ” का मंचन किया गया. जिसका लेखन व निर्देशन युवा अभिनेता व निर्देशक प्रसन्न सोनी ने किया. रामायण के किरदार कैकेई पर आधारित इस नाटक में निर्देशक एक नये नजरिये के साथ कैकई के चरित्र को लोगों को देखने और सोचने पर विवश करने में सफल होते हैं. इस कथा में कई पात्र ऐसे हैं. जिन्हें हम केवल परंपरा के आधार पर दोषी मानते रहे हैं. कैकेई उनमें सबसे बड़ा उदाहरण है. सदियों से उसे केवल उस स्त्री के रूप में याद किया गया. जिसने राम को वनवास दिया, परंतु शायद ही किसी ने उसके भीतर झांककर देखा हो, इस प्रस्तुति का उद्देश्य यही है कि दर्शक कैकेयी को एक नये नजरिये से देखे. वह न केवल रानी थी, बल्कि एक मां, एक पत्नी और एक धर्मनिष्ठ नारी भी थी. उसका हर निर्णय केवल व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित नहीं था, बल्कि उस समय की सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों और उसके कर्तव्य-बोध से जुड़ा था. दर्शकों ने इस नाटक को देखते हुए पाया कि कैकेयी केवल दोषी नहीं थी, बल्कि वह भी परिस्थितियों की शिकार और अपने वंश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाली नारी थी. यही संदेश इस नाटक के माध्यम से देने का प्रयास था. कलाकारों ने अपने नट्यानुकुल मंच सज्जा, वस्त्र विन्यास, सधे संवाद, कर्णप्रिय संगीत और जीवंत अभिनय से दशकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. पूरे नाटक के दौरान दर्शक भावनाओं के भंवर में डूबते उतराते रहे. कैकेइ भारती शर्मा सोनी, मंथरा साक्षी शुक्ला, दशरथ प्रसन्न सोनी, बाल राम आयन सोनी, भरत अनंत मिश्रा, अश्वपति सुनील कुमार रावत, बाल्मीकि कुलदीप सोनी और सूत्रधार रवित मिश्र ने स्थानीय दर्शकों के दिल को छूने में सफलता प्राप्त की. नाटक का संगीत: डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रकाश परिकल्पना लोकेंद्र सिंह, कॉस्ट्यूम भारती शर्मा सोनी, प्रापर्टी सुनील कुमार रावत, सेट प्रसन्न सोनी, एनिमेशन रोशन अवधिया, अनंत मिश्रा, कुलदीप सोनी का था. मंचन के पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार साहनी, डॉ अमित रौशन, गणेश गौरव, अमिय कश्यप, डॉ राहुल कुमार, दिलीप कुमार सिन्हा, विश्वरंजन कुमार सिंह राजू, अध्यक्ष समीर शेखर ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. संस्था की ओर से पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह से अतिथियों को सम्मानित किया गया. अपने उद्बोधन में संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए अतिथियों ने यह कहा कि इस तरह के उत्सव हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने और एक दूसरे से कुछ नया सीखने के साथ ही कला साहित्य और रंगमंच प्रेमियों के लिए एक शानदार अवसर है. कार्यक्रम का मंच संचालन युवा कवि और अभिनेता दीपक कुमार ने किया. नाट्य मंचन के उपरांत नाटक के निर्देशक प्रसन्न सोनी को उपमहापौर अनीता राय, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार साहनी और समाजसेवी विश्वरंजन कुमार सिंह राजू ने संयुक्त रूप से अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ और प्रतिक चिन्ह से सम्मानित किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन