एचएफ में मोकामा की सुप्रिया सिंह व भैंस श्रेणी में जिले के अशोक ने जीता पहला पुरस्कार

Updated:
विज्ञापन
एचएफ में मोकामा की सुप्रिया सिंह व भैंस श्रेणी में जिले के अशोक ने जीता पहला पुरस्कार

हर्ल खेल मैदान में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, कॉम्फेड एवं बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पटना के समर्थन से कृषिका द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पशु पालन मेला का समापन हुआ.

विज्ञापन

बीहट. हर्ल खेल मैदान में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, कॉम्फेड एवं बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पटना के समर्थन से कृषिका द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पशु पालन मेला का समापन हुआ.मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और नई तकनीकें सीखने में रुचि दिखाई. तीसरे दिन समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में बेगूसराय सांसद सह केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि थे. उनके साथ विधान पार्षद सर्वेश कुमार,बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय,पटना के कुलपति डा इंद्रजीत सिंह, बरौनी डेयरी प्रबंध निदेशक रवीन्द्र प्रसाद, मेडिवर्सल के नवनीत रंजन,पद्मश्री नरेन्द्र सिंह,सुधांशु कुमार आदि मौजूद थे. इस मौके पर मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने कहा कि दूध उत्पादन में बेगूसराय पूरे प्रदेश में अग्रिम पंक्ति में खड़ा है, प्रगति करने की क्षमता अभी भी है. उन्होंने कहा कि हमें पशु पोषण संबंधी ज्ञान प्रदान करने के लिए ग्राम स्तर पर काम करना चाहिए. उन्होंने बकरी,मुर्गी पालन को और बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया. वहीं जर्सी गाय और मूर्रा भैंस पालने की ओर भी पशुपालकों को ध्यान देने को कहा. उन्होंने प्रदर्शन मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से हमारे पशुपालक यहां से मिली जानकारी से लाभान्वित होंगे. कुलपति डॉ इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पशुपालक किसानों ने पशुपालन पेशे में सुधार और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने में गहरी रुचि दिखाई. इसके पूर्व आयोजक व कृषिका के राकेश कश्यप ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.

दुग्ध दोहन प्रतियोगिता के विजेता पशुपालकों को किया गया पुरस्कृत

मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह द्वारा दुग्ध दोहन प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. एचएफ में प्रथम पुरस्कार मोकामा की सुप्रिया सिंह तथा द्वितीय पुरस्कार बरुराज, मुजफ्फरपुर की अमृता रानी को दिया गया. जर्सी श्रेणी में प्रथम सुप्रिया सिंह व द्वितीय रंजना सिंह, देसी श्रेणी में प्रथम तथा द्वितीय स्थान पर पटना के अमित सिंह रहे. भैंस श्रेणी में प्रथम बेगूसराय के अशोक कुमार और द्वितीय आजमगढ़ के मिर्जा अयाज बेग को दिया गया. इन चारों श्रेणियों में सांत्वना पुरस्कार बेगूसराय के चमन कुमार,तेघरा के अशोक कुमार सिंह, पटना के संजय कुमार, बेगूसराय के मुरारी कुमार और उपेन्द्र प्रसाद सिंह, गोरखपुर के रामानंद और मोकामा के यूनीक ग्रीन फार्म को दिया गया. प्रतियोगिता की चार श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के तौर पर 51000, द्वितीय पुरस्कार के तौर पर 21000 तथा सांत्वना पुरस्कार के तौर पर 11000 रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. इस अवसर पर तीसरे डेयरी एंड कैटल एक्स्पो के लिए जर्सी और देसी श्रेणियों के लिए 1 लाख इनाम की राशि की घोषणा की गई, जो क्रमशः मेडीवर्सल के नवनीत रंजन और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह व विधान पार्षद सर्वेश सिंह की तरफ से दिया जायेगा.

विज्ञापन
Manish Kumar

लेखक के बारे में

By Manish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन