बेगूसराय में गंगा का जलस्तर बढ़ा, हथीदह और मुंगेर में एक सप्ताह में करीब एक मीटर की बढ़ोतरी

गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से बेगूसराय के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हथीदह और मुंगेर में जलस्तर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे ग्रामीण इलाकों में चिंता है।
Begusarai News: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटीय इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ने लगी है. हथीदह और मुंगेर में बीते एक सप्ताह के भीतर गंगा के जलस्तर में लगभग एक मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जलस्तर में अगर बढ़ोतरी की यही रफ्तार बनी रही, तो अगले एक से दो सप्ताह में नदी खतरे के निशान को पार कर सकती है.
हथीदह और मुंगेर में जलस्तर की स्थिति
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बेगूसराय के कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार के अनुसार, हथीदह में खतरे का निशान 41.760 मीटर निर्धारित है, जहां जलस्तर बढ़कर 39.51 मीटर पर पहुंच गया है. वहीं मुंगेर में खतरे का निशान 39.33 मीटर है और फिलहाल वहां गंगा नदी 35.79 मीटर के स्तर पर बह रही है.
अन्य प्रमुख घाटों का हाल
- कहलगांव: जलस्तर बढ़कर 29.33 मीटर पहुंचा (खतरे का निशान: 31.090 मीटर)
- गांधी घाट (पटना): जलस्तर 46.73 मीटर दर्ज किया गया
- बक्सर: जलस्तर 51.98 मीटर पर बढ़कर फिलहाल स्थिर है
- इलाहाबाद व बनारस: इलाहाबाद में 74.20 मीटर और बनारस में 61.24 मीटर पर जलस्तर में वृद्धि जारी है
फिलहाल बेगूसराय में खतरा नहीं, पर बढ़ी आशंका
हालांकि प्रशासन का कहना है कि बेगूसराय जिले में अभी बाढ़ का तात्कालिक खतरा नहीं है, लेकिन जलस्तर में जिस रफ्तार से वृद्धि हो रही है, उससे दियारा और तटीय क्षेत्रों के ग्रामीण आशंकित हैं. हर वर्ष बारिश के मौसम में बेगूसराय के निचले इलाकों में बाढ़ से जान-माल का नुकसान होता है, जिसको लेकर स्थानीय लोग सतर्क नजर आ रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










