बेगूसराय के सिमरिया में त्रिदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन, सनातन संस्कृति और जीवात्मा पर मंथन
विधायक अभिषेक आनंद अपना विचार रखते हुए | Prabhat Khabar Network
सिमरिया स्थित सर्वमंगला आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हो गया. इस संगोष्ठी में सनातन संस्कृति और जीवात्मा के महत्व पर विशेष चर्चा हुई. विभिन्न विद्वानों और गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार साझा किए.
Begusarai News: सिमरिया स्थित सर्वमंगला आश्रम परिसर के ज्ञान मंच पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य समापन हो गया. समापन सत्र में विभिन्न विद्वानों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत कर सनातन संस्कृति और जीवात्मा के महत्व पर प्रकाश डाला.
जीवात्मा और सनातन संस्कृति पर विद्वानों के विचार
मुख्य अतिथि अमर उजाला के संपादक राज किशोर सहाय ने कहा कि मनुष्य शरीर के भीतर स्थित जीवात्मा अनादि, अनंत और अमर है. विशिष्ट अतिथि डॉ. धनाकर ठाकुर ने जोर दिया कि जीवात्मा और परमात्मा का एक होना ही सनातन संस्कृति का मूल आधार है. चेरिया बरियापुर विधायक अभिषेक आनंद और डॉ. नारायण यादव ने कहा कि जीवात्मा इस धरा पर कर्मफल भोगने आती है और सद्कर्मों से ही जीवन को अमरत्व प्राप्त होता है.
समय का सदुपयोग और सद्कर्म की प्रेरणा
जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि समय को सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता, इसलिए सद्कर्म करते हुए जीवन को सफल बनाना चाहिए. इसके अलावा गंगा समग्र के राष्ट्रीय संयोजक अमरेंद्र जी (लल्लू बाबू), पूर्व कैप्टन वशिष्ठ कुमार झा और डॉ. गगनदेव चौधरी समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए.
अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित नारायण झा के वैदिक मंत्रोच्चार और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई. शक्ति समिति की अध्यक्षा उषा रानी ने स्वागत भाषण दिया और न्यास के उप निदेशक डॉ. अवधेश कुमार झा ने विषय प्रवेश कराया. सर्वमंगला परिवार की ओर से अतिथियों को पाग, अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया, वहीं अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए