बेगूसराय में बाढ़ का पानी घटने लगा, 3.80 लाख लोग प्रभावित; अब बीमारी और स्वच्छता पर प्रशासन का फोकस
आपदा विभाग की बैठक में जानकारी देते डीएम रिची पांडेय | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के डीएम रिची पांडेय ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जिले के 8 प्रखंडों की 3.80 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है. प्रशासन 269 नावों, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ टीमों, 183 सामुदायिक रसोई, 71 मेडिकल कैंप और 62 पशु शिविरों के जरिए युद्धस्तर पर राहत कार्य चला रहा है. जलस्तर घटने के साथ ही संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए ब्लीचिंग छिड़काव व फॉगिंग तेज कर दी गई है.
Begusarai Flood 2026 : बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों तथा वर्तमान स्थिति की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने प्रेस वार्ता आयोजित की.
डीएम ने बताया कि गंगा का जलस्तर 42.95 मीटर दर्ज किया गया है और इसमें कमी आ रही है. जिले के 8 प्रखंडों की 39 पंचायतों के 189 गांव प्रभावित हैं, जिससे 95,245 परिवारों के 3,80,980 लोग प्रभावित हुए हैं.
नाव और सामुदायिक रसोई
राहत-बचाव के लिए 269 नावों (23 सरकारी व 246 निजी) का संचालन हो रहा है. बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी व शाम्हो में एसडीआरएफ और बलिया में एनडीआरएफ की तैनाती है.
प्रभावितों के लिए 183 सामुदायिक रसोई केंद्रों से अब तक 8,98,686 मील दिए गए हैं. साथ ही 250 ड्राई राशन पैकेट व 34,651 पॉलिथीन शीट्स बांटी गई हैं, जबकि 41,880 पॉलिथीन शीट्स स्टॉक में हैं.
स्वास्थ्य सेवाएं व ब्लीचिंग छिड़काव
बाढ़ क्षेत्रों में 71 मेडिकल कैंप और 4 बोट एम्बुलेंस के जरिए 46,583 लोगों का उपचार हुआ है. जलस्तर घटने पर संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है. आइसीडीएस टीम को बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था और कुपोषण की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं.
पशु राहत व कृषि क्षति
पशुधन के लिए 62 कैंप लगाकर 10,388 पशुओं का उपचार किया गया है और 1,840.08 क्विंटल पशुचारा बांटा गया है. जिले में 27,034 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसमें 33 प्रतिशत से अधिक क्षति वाला रकबा 19,504 हेक्टेयर है. पीएचईडी द्वारा शुद्ध पेयजल और 137 अस्थायी शौचालय संचालित हैं.
अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
डीएम रिची पांडेय ने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और पानी घटने के बाद स्वच्छता चुनौतियों पर ध्यान दे रहा है. उन्होंने आमजन से तथ्यहीन व भ्रामक खबरों के प्रति सतर्क रहने और सूचनाओं की सत्यता जांचने की अपील की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए