बेगूसराय में सहयोग शिविर में 405 आवेदन प्राप्त, 351 का मौके पर हुआ निष्पादन

Updated:
विज्ञापन
 समस्याओं को सुनते डीएम  श्रीकांत शास्त्री  | Prabhat Khabar Network

समस्याओं को सुनते डीएम  श्रीकांत शास्त्री  | Prabhat Khabar Network

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बेगूसराय जिले में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया. इन शिविरों में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है. अब तक 405 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 351 का सफलतापूर्वक निपटारा हो चुका है.

विज्ञापन

Begusarai News: मुख्यमंत्री के निर्देश पर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और स्थानीय स्तर पर समाधान के लिए मंगलवार को बेगूसराय जिले के तीन प्रखंडों की चार ग्राम पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया. जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने खुद मटिहानी प्रखंड की गोरगामा पंचायत में आयोजित शिविर की अध्यक्षता की और ग्रामीणों की फरियाद सुनकर कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कराया.

10 दिनों में शिकायतों के निपटारे का निर्देश

जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सहयोग शिविर में मिलने वाले आवेदनों का 10 दिनों के भीतर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो.

पंचायतों में प्राप्त आवेदनों की स्थिति

जिले की चार ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में अब तक कुल 405 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 351 आवेदनों का निष्पादन पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 54 आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है.

शहरी निकायों में 2,368 शिकायतों का समाधान

नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 2,524 ऑनलाइन आवेदन आए हैं. इनमें से 2,368 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है और बाकी 156 शिकायतों का जल्द समाधान करने की कार्रवाई की जा रही है.

इन सेवाओं के लिए पहुंचे सर्वाधिक लोग

शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, जाति, आय व निवास प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) और लगान रसीद से जुड़े मामले सामने आए. कई आवेदकों को शिविर स्थल पर ही प्रमाण-पत्र और सेवाएं हस्तगत कराई गईं.

जिला प्रशासन ने बताया कि यदि कोई आवेदक जिला स्तर की कार्रवाई से असंतुष्ट रहता है, तो उसके लिए प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन