बेगूसराय डीएम श्रीकांत शास्त्री ने पीएचसी और राजकीय डिग्री महाविद्यालय का किया औचक निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश देते डीएम श्रीकांत शास्त्री
Begusarai News : बेगूसराय डीएम श्रीकांत शास्त्री ने मटिहानी में स्वास्थ्य केंद्र और कॉलेज का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए.
Begusarai News : बेगूसराय के जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने शुक्रवार को मटिहानी प्रखंड का भ्रमण कर विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), मटिहानी तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मटिहानी का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया.
पीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं की परखी गुणवत्ता
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मटिहानी के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए.
महाविद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था का लिया जायजा
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मटिहानी का निरीक्षण किया. उन्होंने महाविद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था, नियमित कक्षाओं के संचालन तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और महाविद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी भी ली.
ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाकर बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी स्वयं कक्षा में पहुंचे और ब्लैकबोर्ड पर विद्यार्थियों को पढ़ाया. उन्होंने छात्रों से विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी समझ का आकलन किया. साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने और शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया. उनका यह संवादपूर्ण और सहज व्यवहार विद्यार्थियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया.
संबंधित अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे. जिला पदाधिकारी ने सभी को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










