बेगूसराय: बरौनी थाने पहुंच डीआईजी ने की हत्या कांड की समीक्षा, पीड़ित परिवार से भी की मुलाकात

डीआइजी पहुंचे बरौनी थाना | Prabhat Khabar Network
बरौनी थाने पहुंचकर डीआईजी आमिर जावेद ने बरौनी थाना कांड संख्या-31/22 की समीक्षा की. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली, जिसमें अनुसंधान के बाद हत्या की पुष्टि हुई है.
Begusarai News : बरौनी पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कमजोर वर्ग के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आमिर जावेद ने रविवार को बरौनी थाना पहुंचकर बरौनी थाना कांड संख्या-31/22 की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने मामले की जांच की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
समीक्षा बैठक में सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति, डीएसपी क्राइम के. सिंह, बरौनी थानाध्यक्ष विकास कुमार रंजन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने डीआईजी को मामले से संबंधित अद्यतन जानकारी से अवगत कराया.
पीड़ित परिवार से ली घटना की जानकारी
डीआईजी आमिर जावेद ने मिर्जापुर चांद गांव निवासी मृतक सुमंत कुमार पासवान की मां माला देवी और पिता गणेश पासवान से भी मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. परिजनों ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं से उन्हें अवगत कराया.
अनुसंधान में हत्या की पुष्टि
जानकारी के अनुसार, इस मामले में मृतक की मां माला देवी ने अपने ही गांव के कुछ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्रारंभिक स्तर पर कुछ लोगों ने घटना को आत्महत्या बताया था, लेकिन अनुसंधान के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, प्रतिवेदनों और अन्य तथ्यों के आधार पर इसे हत्या का मामला माना गया. इसके बाद 30 अप्रैल 2023 को तत्कालीन अनुसंधानकर्ता एवं बरौनी के तत्कालीन थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने मामले में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था. यह मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की अगली सुनवाई अगले महीने निर्धारित है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










