बेगूसराय: शबनम हत्याकांड मामला, पति पहले से जेल में, अब सास-ससुर व देवर ने किया न्यायालय में आत्मसमर्पण

व्यवहार न्यायालय बेगूसराय.
बेगूसराय के बरौनीगढ़ ढरा थाना क्षेत्र में 8 अप्रैल को हुई 21 वर्षीय शबनम कुमारी की मौत मामले में तीन माह बाद तीन आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस के अनुसार, मृतका के पति को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
Begusarai News : बेगूसराय के बरौनी गढ़हरा थाना क्षेत्र के बीहट नगर परिषद वार्ड संख्या-18 में 8 अप्रैल को हुई 21 वर्षीय शबनम कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में तीन माह बाद पुलिस दबिश के चलते नामजद तीन आरोपितों ने बेगूसराय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस के अनुसार, मामले में मृतका के पति को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.
घटना के बाद लंबे समय से चल रहे थे फरार
गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि मृतका के ससुर अरुण रजक, सास बबीता देवी तथा देवर अनिमेष कुमार घटना के बाद से फरार चल रहे थे. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. पुलिस दबाव के कारण तीनों ने 6 जुलाई को बेगूसराय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
पंखे से लटकी मिली थी महिला
गौरतलब है कि 8 अप्रैल 2026 की सुबह शबनम कुमारी अपने ससुराल में पंखे से लटकी हुई मिली थी. ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मृतका के पिता मिथलेश पासवान, निवासी चकबल वार्ड-20, समेत मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था.
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन ही मृतका के पति आयुष कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी, जिसके बाद तीनों ने न्यायालय में समर्पण कर दिया.
मृतका के परिजनों ने लगाया था हत्या का आरोप
प्राथमिकी में पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से शबनम को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि पहले दो लाख रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन इसके बाद भी तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई. पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
ALSO READ: NEET री-एग्जाम फर्जीवाड़ा में होगा नया खुलासा, आरोपियों से पूछे जाने वाले सवाल तैयार, मिली रिमांड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










