बेगूसराय: शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का छात्र संवाद, युवाओं ने उठाई आवाज

तेघड़ा प्रखंड में छात्र संवाद कार्यक्रम का किया गया आयोजन | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत युवाओं और छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ आवाज बुलंद की. राष्ट्रीय अभियान के तहत आयोजित इस संवाद में कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त न करने का संकल्प लिया.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड और नगर क्षेत्र में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत युवाओं और छात्रों से सघन संवाद किया गया. राष्ट्रीय अभियान के तहत शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार श्रवण और नगर अध्यक्ष रणधीर कुमार मिश्रा ने किया. इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना, लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में व्याप्त धांधली के खिलाफ युवाओं की आवाज को बुलंद करना है.
ज्वलंत मुद्दों पर छात्रों में दिखी भविष्य की चिंता
आयोजकों ने बताया कि इस देशव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में की गई है. कार्यक्रम के दौरान दिखाए गए वीडियो को देखकर जहां एक ओर अभिभावकों में कांग्रेस के प्रति भरोसा बढ़ता दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्र इन ज्वलंत मुद्दों पर सरकार के खिलाफ चिंतन और अपने भविष्य को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. इस संवाद के जरिए छात्र एकजुट होकर व्यवस्था परिवर्तन का आगाज कर रहे हैं.
कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल कुमार और कार्यक्रम संयोजक सरोज पासवान ने छात्रों के बीच अपनी बात रखी. उनके साथ ही पूर्व नगर अध्यक्ष रामबाबू साह, युवा नेता विभेष सिंह एवं दिनकर कुमार ने छात्रों और आम आवाम के बीच कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से रखा और पार्टी के पक्ष में हुंकार भरी. नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










