बेगूसराय में दाखिल-खारिज के लिए भटक रहे लोग, खोदावंदपुर सीओ की कथित अनुपस्थिति पर उठे गंभीर सवाल

Updated:
विज्ञापन
विरान पड़ा अंचल अधिकारी की कुर्सी | Prabhat Khabar Network

विरान पड़ा अंचल अधिकारी की कुर्सी

खोदावंदपुर अंचल अधिकारी की लगातार अनुपस्थिति से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। फरियादी परेशान हैं और जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

विज्ञापन

Khodavandpur CO Absence : बेगूसराय के खोदावंदपुर अंचल कार्यालय में कार्य कराने पहुंचने वाले लोगों को कथित रूप से अंचल अधिकारी के नहीं मिलने से लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दाखिल-खारिज, भूमि विवाद और अन्य राजस्व मामलों के निस्तारण में देरी हो रही है, जिससे आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

10 जुलाई को संभाला था कार्यभार, लग रहे अनुपस्थिति के आरोप

मिली जानकारी के अनुसार अंचल अधिकारी हरिकेश त्रिपाठी ने 10 जुलाई को खोदावंदपुर अंचल का कार्यभार संभाला था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद से वे कई बार बिना पूर्व सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित रहे. यह भी दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अब तक मुख्यालय स्थित सरकारी आवास में रहना शुरू नहीं किया है और जिला मुख्यालय बेगूसराय में रह रहे हैं.

सरकारी संसाधनों के उपयोग पर भी उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आवश्यकता पड़ने पर कार्यालय के कर्मचारी फाइलें लेकर बेगूसराय जाते हैं और सरकारी वाहन से अंचल अधिकारी को मुख्यालय लाते हैं. लोगों का कहना है कि इससे सरकारी संसाधनों और ईंधन की अनावश्यक खपत होती है. सरकारी नियमों के अनुसार पदस्थापित अधिकारी को मुख्यालय में उपलब्ध रहना चाहिए. यदि सरकारी आवास उपलब्ध नहीं हो तो आसपास किराये के मकान में रहने का प्रावधान है. स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि खोदावंदपुर में सीओ के लिए सरकारी आवास उपलब्ध है.

फरियादियों ने बताया, कई दिनों से लंबित हैं काम

मेघौल निवासी रामप्रीत यादव ने बताया कि वे कई दिनों से दाखिल-खारिज के कार्य के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सीओ के नहीं मिलने से उनका काम लंबित है. उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अपनी शिकायत किसके समक्ष रखें.

जनप्रतिनिधियों ने भी जताई नाराजगी

प्रखंड राजद अध्यक्ष मोहम्मद जियाउर रहमान उर्फ सैफी, माले नेता अवधेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अंचल अधिकारी की कथित अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि हाल ही में वे एक समस्या को लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन सीओ मौजूद नहीं थे. उनका आरोप है कि सरकारी मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ.

एडीएम के दौरे के दौरान भी अनुपस्थिति का दावा

जनप्रतिनिधियों ने यह भी दावा किया कि सागी पंचायत के नुरुल्लाहपुर गांव में भूमि विवाद की जांच के लिए एडीएम के खोदावंदपुर आगमन के दौरान भी अंचल अधिकारी उपस्थित नहीं थे. हालांकि इस दावे की प्रशासन की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

डीएम से कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी

राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अंचल अधिकारी की मुख्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए ताकि आम लोगों के कार्य समय पर हो सकें. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.

अंचल अधिकारी का पक्ष नहीं मिल सका

इस मामले में अंचल अधिकारी हरिकेश त्रिपाठी का पक्ष जानने के लिए उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका. उनका पक्ष उपलब्ध होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा.


विज्ञापन
Rajesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rajesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन