बेगूसराय में निकली ‘संडेज ऑन साइकिल’ रैली, DM ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन
बेगूसराय में साइकिल रैली का आयोजन

बेगूसराय में साइकिल रैली का आयोजन

Begusarai News: बेगूसराय में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जिला प्रशासन द्वारा भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व खुद डीएम ने किया. रैली के समापन पर गांधी स्टेडियम में गंदगी देखकर डीएम ने नगर आयुक्त को कड़ी फटकार लगाई.

विज्ञापन

Begusarai News (विकास मिश्रा): बेगूसराय जिला प्रशासन के तत्वावधान में रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया. यह जागरूकता रैली जिला मुख्यालय के अलावा जिले के विभिन्न सुदूर क्षेत्रों जैसे बखरी, बीहट, बरौनी, तेघड़ा, बछवाड़ा, बलिया, नावकोठी और चेरियाबरियारपुर समेत कई अन्य प्रखंडों में भी बड़े पैमाने पर निकाली गई. गांधी स्टेडियम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के नेतृत्व में आयोजित इस जागरूकता रैली में जिले के तमाम वरीय अधिकारियों, एनसीसी (NCC) कैडेटों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया.

डीएम ने खुद चलाई साइकिल

इस रैली के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, शारीरिक फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया. जिला मुख्यालय स्थित गांधी स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, पूर्व मेयर संजय कुमार, उप महापौर अनिता राय समेत अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में गरिमामयी ढंग से किया गया. कार्यक्रम के महत्व को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने स्वयं साइकिल चलाकर इस रैली का नेतृत्व किया, जिससे वहाँ मौजूद बच्चों और युवाओं में एक विशेष उत्साह देखने को मिला.

शहर के मुख्य मार्ग से गुजरी

रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी रंग-बिरंगी साइकिलों के साथ शामिल हुए, जबकि एनसीसी कैडेटों ने अनुशासित ढंग से साइकिल चलाकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई. गांधी स्टेडियम से प्रारंभ हुई यह साइकिल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. रैली गांधी स्टेडियम से निकलकर कैंटीन चौक, नवाब चौक, नगर निगम चौक, सदर अस्पताल चौक, कर्पूरी स्थान, पटेल चौक, जीडी कॉलेज, हर-हर महादेव चौक, पावर हाउस चौक, ट्रैफिक चौक एवं कचहरी रोड होते हुए पुनः गांधी स्टेडियम पहुंचकर पूरी तरह संपन्न हुई.

ईंधन बचत का दिया संदेश

पूरे मार्ग में प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए. इस विशेष अवसर पर डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि लगभग 5 किलोमीटर लंबी इस साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक व्यायाम और ईंधन की बचत के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के कार्यों एवं आसपास के स्थानों तक आने-जाने के लिए यदि लोग नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करें, तो इससे न केवल उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित में भी एक बेहद सकारात्मक योगदान मिलेगा.

गंदगी देखकर भड़के जिला अधिकारी

साइकिल रैली के सफल समापन के बाद जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने अचानक गांधी स्टेडियम परिसर का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान खेल स्टेडियम में चारों तरफ फैली गंदगी और कूड़े के बड़े अंबार को देखकर उन्होंने मौके पर ही अपनी भारी नाराजगी जताई. डीएम ने नगर आयुक्त को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से व्यापक सफाई अभियान चलाने और पूरे स्टेडियम परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Also Read: बरौनी के 7बी गुमटी पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण शुरू, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया शुभारंभ

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन