बरौनी के 7बी गुमटी पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण शुरू, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया शुभारंभ

ओवरब्रिज निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
Begusarai News: बेगूसराय के बरौनी स्थित 7बी गुमटी पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई. शिलान्यास के करीब आठ माह बाद केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने पहले पीलर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. करीब 146 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज को 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
Begusarai News (नीरज कुमार की रिपोर्ट): बरौनी स्टेशन के पश्चिमी छोर पर स्थित 7 बी गुमती पर बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज पीलर निर्माण कार्य का भव्य शुभारंभ किया गया. बेगूसराय सांसद सह केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार पुलिस निर्माण निगम के वरीय अधिकारी एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस कार्य की शुरुआत की गई है. इस कदम से क्षेत्र के विकास को एक नई गति मिलेगी.
आठ माह बाद शुरू हुआ काम
बताते चलें कि पूर्व में 28 सितंबर 2025 को बरौनी पश्चमी गुमटी 7 बी एवं राजवाड़ा स्पेशल गुमटी 61 पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर आधिकारिक शिलान्यास किया गया था. जिसके ठीक आठ माह की लंबी अवधि बीत जाने के बाद अब पहले पीलर का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू किया गया है. वहीं शनिवार को पश्चिमी गुमती 7 बी ओवरब्रिज निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ होने से निपनियां, मधुरापुर और आसपास के तमाम क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है.

दो वर्षों में पूरा होगा लक्ष्य
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस जून महीने से लेकर अगले 24 माह की निर्धारित समयावधि में इस ओवरब्रिज निर्माण कार्य को पूरी तरह से संपन्न कर लेना है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ता चंद्रप्रकाश झा ने कहा कि पूर्व बेगूसराय सांसद स्वर्गीय भोला बाबू द्वारा इस पुल निर्माण के लिए शुरू की गई महत्वपूर्ण पहल अब वर्तमान सांसद गिरिराज सिंह के कार्यकाल में पूरी हो रही है. क्षेत्र की इस ज्वलंत समस्या को दूर करने में सबों ने अपने-अपने हिसाब से सार्थक प्रयास किया है.
केशव शाण्डिल्य के प्रयासों की सराहना
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता केशव शाण्डिल्य के बेहद महत्वपूर्ण और निरंतर प्रयासों से ही आज यह कार्य पूर्णता की ओर अग्रसर हो रहा है. जानकारों के मुताबिक बरौनी-तेघड़ा रेल खंड के अंबे सिनेमा 7 बी गुमती पर 146 करोड़ 36 लाख 92 हजार रुपये की भारी अनुमानित लागत से इस आरओबी (ROB) का निर्माण किया जा रहा है. इसके लिए राज्यांश के रूप में 34 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की राशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है.
कॉस्ट शेयरिंग पर आधारित है योजना
इस निर्मित होने वाले पुल की कुल लंबाई 494.76 मीटर, पहुंच पथ की कुल लंबाई 406.45 मीटर एवं पुल की कुल चौड़ाई 8.40 मीटर होगी, जो दो लेन की सड़क के रूप में कार्य करेगी. यह पूरी परियोजना कॉस्ट-शेयरिंग के मजबूत आधार पर निष्पादित की जा रही है. इसमें भारतीय रेलवे व बिहार राज्य सरकार दोनों की बराबर भागीदारी रहेगी. इस विशेष मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, विधायक रजनीश कुमार, लाइफ लाइन अस्पताल के निदेशक डाॅ हेमंत कुमार, चन्द्रप्रकाश झा, सुनील कुमार, कृष्ण नंदन सिंह एवं अरुण कुमार श्रीवास्तव आदि मुख्य रूप से मौजूद थे.
Also Read: बेगूसराय में नाबालिग अपहृता मुजफ्फरपुर से बरामद, नामजद आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.
पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.
स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










