बेगूसराय के लाल ने बांग्लादेश में लहराया तिरंगा, शिवा कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर किया बिहार का नाम रोशन

शिवा कुमार की फाइल फोटो
Begusarai News: बेगूसराय के चकमला दुलारपुर निवासी शिवा कुमार ने बांग्लादेश में आयोजित मेन्स आईएचएफ ट्रॉफी में भारतीय हैंडबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता. उनकी इस उपलब्धि से पूरे बिहार और बेगूसराय में खुशी और गर्व का माहौल है.
Begusarai News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) जिले के चकमला दुलारपुर गांव के होनहार खिलाड़ी शिवा कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मेन्स आईएचएफ ट्रॉफी में भारतीय हैंडबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया. बांग्लादेश में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया. शिवा की इस उपलब्धि से न सिर्फ बेगूसराय बल्कि पूरे बिहार में खुशी और गर्व का माहौल है. शिवा कुमार, चकमला दुलारपुर निवासी सुरेश साह के पुत्र हैं. उनकी सफलता पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और खेल संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है.
तीसरी बार भारतीय टीम में बनाई जगह
इस अवसर पर हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ बेगूसराय के अध्यक्ष एवं विधायक कुंदन कुमार, सचिव बाबुल कुमार, खेल महासंघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, हैंडबॉल खिलाड़ी सैयद मिराजुल इस्लाम, रुपेश कुमार, डब्ल्यू कुमार, सजीत कुमार तथा सुमित कुमार सहित कई खेल प्रेमियों ने शिवा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव बाबुल कुमार ने बताया कि शिवा कुमार ने अपने गांव से ही हैंडबॉल खेलना शुरू किया था. उनकी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में हुआ. इसके बाद उन्हें साई प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण का अवसर मिला, जहां उन्होंने अपने खेल को और निखारा.
कड़ी मेहनत से हासिल की सफलता
बाबुल कुमार ने बताया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर शिवा कुमार ने लगातार तीसरी बार भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है. उनकी यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
खेल प्रेमियों का कहना है कि शिवा की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रशिक्षण मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं. शिवा कुमार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: शाहाबाद बनेगा शिक्षा का केंद्र, हर प्रखंड में खुलेंगे डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










