बांग्लादेश में गोल्ड जीतकर बेगूसराय लौटे शिवा कुमार, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया सम्मानित

Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

शिवा कुमार को सम्मानित करते गिरिराज सिंह

Begusarai News: बांग्लादेश में आयोजित मेंस आईएचएफ ट्रॉफी में भारतीय हैंडबॉल टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले बेगूसराय के खिलाड़ी शिवा कुमार का भव्य स्वागत किया गया. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि को देश और बिहार के लिए गौरवपूर्ण बताया.

विज्ञापन

Begusarai News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) बांग्लादेश में 10 से 14 जून तक आयोजित मेंस आईएचएफ ट्रॉफी में भारतीय हैंडबॉल टीम का हिस्सा रहे बेगूसराय के युवा खिलाड़ी शिवा कुमार के स्वदेश लौटने पर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले शिवा का मंगलवार को बेगूसराय पहुंचने पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया सम्मानित

रिफाइनरी टाउनशिप गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शिवा कुमार को मेडल, अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिवा की उपलब्धि केवल बेगूसराय या बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि दुलारपुर जैसे गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और स्वर्ण पदक जीतकर लौटना युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है.

मिट्टी के मैदान से शुरू हुआ सफर

वहीं शिवा कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गांव, परिवार और प्रशिक्षकों को दिया. उन्होंने बताया कि बिहार में हैंडबॉल की मजबूत शुरुआत उनके गांव दुलारपुर से हुई थी. गांव के खिलाड़ियों को बाहर जाकर खेलते देख उनमें भी खेल के प्रति रुचि जगी और उन्होंने मिट्टी के मैदान से अपने सफर की शुरुआत की.

बिहार में इंडोर हैंडबॉल सुविधाओं की जरूरत

शिवा ने कहा कि गांव में अभ्यास करने और इंडोर कोर्ट पर खेलने में काफी अंतर होता है. बिहार में भी आधुनिक इंडोर हैंडबॉल सुविधाओं की आवश्यकता है, जिससे राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके. उन्होंने बताया कि शुरुआती प्रशिक्षण के बाद उन्होंने पटना के एकलव्य केंद्र में अभ्यास किया और बाद में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के ट्रायल में चयनित होकर गुजरात में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.

ओलंपिक और कॉमनवेल्थ में पदक जीतने का सपना

शिवा कुमार ने कहा कि इससे पहले वह कुवैत में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. भविष्य में ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतना उनका सपना है. इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमित सन्नी, मृत्युंजय वीरेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन