बेगूसराय में आम के कैरेट में छिपाकर ले जाई जा रही 1200 लीटर बीयर जब्त, समस्तीपुर के दो तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

शराब तस्करी में गिरफ्तार गाड़ी

Begusarai News: बेगूसराय जिले की साहेबपुरकमाल थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एनएच 31 पर हीराटोल जीरो माइल के समीप एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने बंगाल से आ रही एक पिकअप गाड़ी से आम के कैरेट में छुपाकर रखी 1200 लीटर विदेशी बीयर बरामद की है.

विज्ञापन

Begusarai News: (अजय कुमार की रिपोर्ट) बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की टीम लगातार मुस्तैद है. इसी कड़ी में सोमवार को बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने थाना क्षेत्र के हीराटोल जीरो माइल एनएच 31 पर जाल बिछाकर भारी मात्रा में विदेशी बीयर से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी को जब्त किया है.

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए साहेबपुरकमाल के थाना प्रभारी सिंटू कुमार ने बताया कि जिला पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर की एक बड़ी खेप पिकअप गाड़ी पर लादकर खगड़िया के रास्ते बेगूसराय की ओर ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संयुक्त टीम का गठन किया और हीराटोल जीरो माइल के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया. इसी दौरान खगड़िया की ओर से आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप गाड़ी को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया.

आम के कैरेटों के नीचे तहखाना बनाकर छुपाई थी ‘बीयर’

थाना प्रभारी ने बताया कि जब पिकअप गाड़ी को रोककर उसकी प्रारंभिक तलाशी ली गई, तो ऊपर से उसमें सिर्फ आम के कैरेट लदे हुए दिखाई दिए. लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से जांच करते हुए आम के कैरेटों को नीचे उतारा, तो उसके भीतर छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी बीयर के कार्टन बरामद हुए. तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ऊपर से फलों की लोडिंग कर रखी थी.

पिकअप से जब्त की गई खेप ‘हावर्ड 5000’ ब्रांड की बीयर की बोतलों की है. अधिकारियों ने जब पूरी खेप की गिनती की, तो बरामद बीयर की कुल मात्रा 1200 लीटर आंकी गई, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. बीयर की बरामदगी के ठीक बाद पुलिस ने वाहन को तत्काल जब्त कर लिया और उस पर सवार चालक तथा उपचालक को ऑन-द-स्पॉट गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल:

  • चालक (ड्राइवर): अरुण कुमार (उम्र 26 वर्ष), पिता- स्व महेश्वर महतो, निवासी- पसपैका गांव (वार्ड संख्या 8), थाना- उजियारपुर, जिला- समस्तीपुर.
  • उपचालक (खलासी): अमित कुमार (उम्र 20 वर्ष), पिता- दिनेश राय, निवासी- दादपुर, थाना- मुफस्सिल, जिला- समस्तीपुर.

समस्तीपुर के हैं दोनों तस्कर, जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तार तस्करों से पुलिस लाइंस और थाने में वरीय अधिकारियों द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है. शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब की यह बड़ी खेप बेगूसराय और समस्तीपुर के स्थानीय बाजारों में खपाने के लिए मंगवाई गई थी. साहेबपुरकमाल थाना प्रभारी सिंटू कुमार ने बताया कि शराब और वाहन की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर ली गई है. मद्यनिषेध कानून के तहत थाने में नई प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी सिंडिकेट के पीछे मुख्य सप्लायर और बेगूसराय का मुख्य लाइनमैन कौन है, ताकि उन पर भी नकेल कसी जा सके.

Also Read: बिहार में अब एक और परीक्षा रद्द करने की मांग तेज, गांधी मैदान में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन