बेगूसराय के बदलपुरा स्कूल में MDM के समय पहुंचे DPO,मटिहानी स्कूल में 5 शिक्षक गायब, मांगा स्पष्टीकरण
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 22 May 2026 4:36 PM
औचक निरक्षण के दौरान
Begusarai News: बेगूसराय के समग्र शिक्षा विभाग के डीपीओ आकाश कुमार ने मटिहानी प्रखंड के कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया. आदर्श मध्य विद्यालय बदलपुरा में मध्यान्ह भोजन की बेहतरीन व्यवस्था और 85% से अधिक बच्चों की उपस्थिति देखकर उन्होंने प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी की सराहना की और स्कूल में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए हाई स्कूल से 3 शिक्षकों को प्रतिनियुक्त करने का आदेश दिया. वहीं, आरकेएल उच्च माध्यमिक विद्यालय मटिहानी में औचक निरीक्षण के दौरान 5 शिक्षक ड्यूटी से गायब मिले, जिनसे विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा है.
Begusarai News(नारायण कुमार): बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की सूरत और शैक्षणिक व्यवस्था को परखने के लिए समग्र शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) आकाश कुमार ने एक बड़ा औचक निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान जहाँ उन्होंने एक स्कूल की बेहतर व्यवस्था को देखकर उसकी प्रधानाध्यापिका की पीठ थपथपाई, वहीं दूसरी ओर मटिहानी के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में ड्यूटी से गायब मिले 5 शिक्षकों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया.
आदर्श मध्य विद्यालय बदलपुरा में व्यवस्था दुरुस्त, 531 में से 458 बच्चे मिले उपस्थित
डीपीओ आकाश कुमार दोपहर के समय अचानक आदर्श मध्य विद्यालय बदलपुरा पहुंचे. उस वक्त स्कूल में मध्यान्ह भोजन चल रहा था. डीपीओ ने जब देखा कि छात्र-छात्राएं बेहद अनुशासित और कतारबद्ध तरीके से बैठकर भोजन कर रहे हैं, तो उन्होंने स्कूल प्रबंधन की जमकर सराहना की. उन्होंने विद्यालय में निर्मित पोषण वाटिका, स्कूल भवन, क्लासरूम, साफ-सफाई और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्था पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी को बधाई और शुभकामनाएं दीं. स्कूल के निरीक्षण के दौरान कुल 531 नामांकित विद्यार्थियों में से 458 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए, जो ग्रामीण इलाके के लिहाज से एक बेहतरीन रिकॉर्ड है.
शिक्षकों की कमी की शिकायत पर ऑन द स्पॉट फैसला, 3 शिक्षक होंगे शिफ्ट
निरीक्षण के दौरान स्कूल की प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी ने डीपीओ के सामने विद्यालय की मुख्य समस्या को रखा. उन्होंने बताया कि बच्चों की भारी उपस्थिति के अनुपात में स्कूल में शिक्षकों की काफी कमी है, जिससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने डीपीओ से अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग की.
डीपीओ ने तुरंत लिया कड़ा निर्णय:
प्रधानाध्यापिका की मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डीपीओ आकाश कुमार ने पास ही स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार को कड़ा निर्देश जारी किया. उन्होंने कहा कि उच्च माध्यमिक विद्यालय से तीन शिक्षकों को तुरंत आदर्श मध्य विद्यालय बदलपुरा में कक्षा 6 से 8 के बच्चों को पढ़ाने के लिए भेजा जाए. साथ ही उन्होंने कंचन कुमारी को निर्देश दिया कि इन तीनों शिक्षकों का नाम स्कूल के रूटीन में जोड़कर इनसे नियमित क्लास ली जाए.
मटिहानी आरकेएल स्कूल में मचा हड़कंप, 5 शिक्षक पाए गए अनुपस्थित
बदलपुरा स्कूल का निरीक्षण करने के बाद डीपीओ का काफिला प्रखंड के अन्य स्कूलों की ओर बढ़ा. उन्होंने उच्च माध्यमिक विद्यालय बदलपुरा, प्राथमिक विद्यालय चक्का टोल बदलपुरा, आर. के. एल. उच्च माध्यमिक विद्यालय मटिहानी और मध्य विद्यालय मटिहानी का भी औचक निरीक्षण किया.
इस अभियान के दौरान आर. के. एल. उच्च माध्यमिक विद्यालय मटिहानी में एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जहाँ निरीक्षण के वक्त पांच शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित (गायब) पाए गए. इस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीपीओ ने विद्यालय प्रधान को निर्देश दिया कि इन सभी अनुपस्थित शिक्षकों से अविलंब स्पष्टीकरण (शो-कॉज) मांगा जाए और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय व वेतन कटौती की कार्रवाई की जाए.
Also Read: Begusarai News: बरौनी एनटीपीसी को मिला इंटरनेशनल सेफ्टी अवॉर्ड 2026, मेरिट श्रेणी में सम्मानित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










