बेगूसराय के काली स्थान मंदिर के सामने बुर्का पहनकर रील बना रहा था युवक, लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर लगवाई उठक-बैठक

काली स्थान मंदिर के सामने बुर्का पहनकर रील बना रहा था लड़का
Begusarai News: बेगूसराय के काली स्थान मंदिर के सामने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए बुर्का पहनकर डांस कर रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. राहगीर गोपाल कृष्ण ने जब पूछताछ की, तो डांसर के लड़के होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद लोगों ने धर्मस्थल की मर्यादा खराब करने पर उसे जमकर फटकार लगाई. बाद में युवक ने बुर्का हटाकर माफी मांगी और लोगों ने मौके पर ही मोबाइल से बनाया गया वीडियो डिलीट करवा कर उसे छोड़ दिया.
Begusarai News(विपिन कुमार मिश्र): आज के इस डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर सस्ते व्यूज, लाइक्स और रिल्स बनाने के चक्कर में युवा वर्ग किस कदर अंधा हो चुका है, इसकी एक बानगी जिला मुख्यालय में देखने को मिली. यहाँ रील बनाने की सनक में एक युवक सारी मर्यादाएं भूलकर प्रसिद्ध काली स्थान मंदिर के ठीक सामने बुर्का पहनकर अश्लील डांस करने लगा. हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से न सिर्फ इस हरकत को रोका गया, बल्कि रील बाज युवक को जमकर फटकार भी लगाई गई.
अलग-अलग एंगल से बन रहा था वीडियो, राहगीर ने खोला राज
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आज जिला मुख्यालय स्थित काली स्थान मंदिर के मुख्य द्वार के सामने अचानक एक शख्स बुर्का पहनकर आया और फिल्मी गानों पर अजीबोगरीब डांस करने लगा. इस दौरान उसका एक अन्य दोस्त मोबाइल लेकर अलग-अलग एंगल से इस पूरे ड्रामे का वीडियो शूट कर रहा था. मंदिर के सामने बुर्के में किसी को डांस करते देख शुरुआत में आस-पास के लोग चौंक गए और कुछ लोग मजे लेने लगे. इसी बीच वहां से गोपाल कृष्ण नाम का एक स्थानीय युवक गुजर रहा था. मंदिर जैसे पवित्र धर्मस्थल के सामने बुर्का पहनकर इस तरह का डांस होता देख वह ठिठक गया. उसे कुछ अजीब लगा, तो उसने तुरंत आगे बढ़कर डांस कर रहे शख्स और वीडियो बना रहे उसके साथी को रोक दिया.
पूछताछ में निकली लड़के की आवाज; लोगों ने कहा- ‘धर्मस्थल को बदनाम मत करो’
जब गोपाल कृष्ण ने बुर्का पहने हुए डांसर को रोककर कड़ाई से पूछताछ शुरू की, तो बुर्के के अंदर से लड़की की नहीं बल्कि एक लड़के की आवाज निकली. यह देखते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए.
लड़के की इस करतूत पर गोपाल कृष्ण का गुस्सा भड़क उठा और उसने उसे सरेआम जमकर फटकार लगाई. गोपाल ने कहा, तुम लोग चंद व्यूज और रिल्स के चक्कर में पवित्र धार्मिक स्थलों की मर्यादा तार-तार कर रहे हो और इसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हो. यह बात सुनते ही मौके पर मंदिर के अन्य श्रद्धालु और स्थानीय दुकानदार भी जुट गए और सभी ने इस अश्लील हरकत पर कड़ी आपत्ति जताई.
माफी मांग कर छूटा रील बाज, मौके पर ही डिलीट कराया वीडियो
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का भारी आक्रोश देख रील बना रहे दोनों युवक बुरी तरह डर गए. खुद को घिरता देख डांस कर रहे लड़के ने तुरंत मौके पर ही अपना बुर्का उतार दिया और हाथ जोड़कर रोने लगा.
दोनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए वहां मौजूद लोगों से कान पकड़कर माफी मांगी. उन्होंने कसम खाई कि भविष्य में वे कभी भी किसी धार्मिक स्थल या सार्वजनिक जगह पर इस तरह की घटिया हरकत दोबारा नहीं करेंगे. इसके बाद, स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए रील बनाने वाले मोबाइल को अपने कब्जे में लिया और मौके पर ही शूट किया गया सारा वीडियो स्थायी रूप से डिलीट करवा दिया, ताकि सोशल मीडिया पर इसे डालकर कोई सांप्रदायिक या सामाजिक तनाव न फैलाया जा सके. कड़ी चेतावनी के बाद दोनों को वहां से जाने दिया गया.
Also Read: बेलागंज में किशोर शांतनु हत्याकांड: कई संदिग्ध हिरासत में, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










