शोध के लिए शरीर दान करने वाले दिवंगत शिक्षक फूलेना बाबू के परिजनों को दधिचि समिति ने किया सम्मानित
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 06 Jun 2026 7:20 PM
सम्मानित होते दिवंगत शिक्षक फूलेना बाबू के परिजन
Begusarai News: बेगूसराय जिले के नावकोठी प्रखंड अंतर्गत पहसारा गांव के दिवंगत शिक्षक फूलेना प्रसाद सिंह के मरणोपरांत नेत्रदान और देहदान किए जाने पर दधिचि देहदान समिति ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया. समिति की ओर से दिवंगत सिंह की पत्नी सुशीला देवी और परिजनों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया.
Begusarai News: (एस एम बेग की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले के नावकोठी प्रखंड अंतर्गत पहसारा गांव के दिवंगत फूलेना प्रसाद सिंह के मरणोपरांत नेत्रदान और देहदान किए जाने के उपरांत उनके परिजनों को सम्मानित किया गया है. दधिचि देहदान समिति बिहार एवं जिला समिति की ओर से उनके पैतृक आवास पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस मौके पर दिवंगत फूलेना बाबू की धर्मपत्नी सुशीला देवी को समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया.
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए देहदान कमेटी के शैलेश महाजन ने कहा कि फुलेना बाबू ने जीवन के बाद भी नेत्रदान एवं देहदान कर अमरत्व को प्राप्त किया है. उनके द्वारा किए गए नेत्रदान की वजह से आज कई दृष्टिहीन लोगों के जीवन में आंखों की रोशनी लौट आई है. समाज को उनकी इस महान सोच से प्रेरणा लेनी चाहिए.
मेडिकल छात्रों के शोध के लिए दान कर दी काया, जिले के दूसरे देहदानी बने
इस अवसर पर जिला कमेटी के मुख्य संरक्षक दिलीप सिंह ने दिवंगत शिक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि फूलेना बाबू एक सच्चे शिक्षक थे, जिन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में समाज को ज्ञान की रोशनी दी और मृत्यु के उपरांत भी मेडिकल के छात्रों के शोध के लिए अपना देह दान कर दिया. उनका यह योगदान भविष्य के योग्य चिकित्सक बनाने की दिशा में एक अद्वितीय उदाहरण है. ऐसे ही प्रगतिशील समाज से देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता है.
जिला अध्यक्ष सुशील राय एवं सचिव निरंजन कुमार सिन्हा ने फुलेना बाबू को नमन करते हुए कहा कि बेगूसराय जिले में फुलेना बाबू ऐसे दूसरे महान व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपनी मृत्यु के बाद देहदान का संकल्प पूरा किया है. इसके साथ ही उनका नाम इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए अमर हो गया है. जिले में जब कभी भी मानवता और देहदान की चर्चा होगी, फुलेना प्रसाद सिंह के नाम का उल्लेख किए बिना वह अधूरी रहेगी.
श्रद्धांजलि सभा में कई गणमान्य लोग और परिजन रहे मौजूद
इस गरिमामयी और भावुक कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने दिवंगत शिक्षक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. कार्यक्रम को इंद्रजीत राय और नीरज कुमार सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया.
इस श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत फूलेना बाबू की पत्नी सुशीला देवी, पुत्र पंकज कुमार व अंकुर कुमार, पुत्रवधू डॉ. संगीता राय व मौसम कुमारी, देवेंद्र प्रसाद सिंह, नूतन कुमारी, संगम कुमारी, पूनम कुमारी, पौत्र अंकुर कुमार, सूरज, रणवीर सिंह, शिवेश रंजन, शिवम वत्स, भोला, प्रमोद, गणेश, रंजन और मैहरी सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे.
Also Read: जहानाबाद में डीईओ कार्यालय के समक्ष डटे शिक्षक, ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन से प्रशासन में खलबली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










