बीहट नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के लिए चुनाव सम्पन्न, पांच सदस्य निर्वाचित

सशक्त स्थायी समिति के विजयी पांचों सदस्य
Begusarai News: बरौनी के नीरज सभागार में नगर परिषद बीहट की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. रेणु शर्मा, दीपक मिश्रा, प्रजा देवी, प्रवीण कुमार और इफ्तेखार अंसारी विजयी रहे.
Begusarai News: (बिपिन राज की रिपोर्ट) बरौनी प्रखंड मुख्यालय स्थित नीरज सभागार में शनिवार को नगर परिषद बीहट की सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई. चुनाव के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
चुनाव की पूरी प्रक्रिया बेगूसराय सदर एसडीओ अनिल कुमार की निगरानी में संपन्न कराई गई. वहीं बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार लगातार मतदान प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करते रहे. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और सशक्त स्थायी समिति के पांच सदस्यों का चयन किया.
ये उम्मीदवार हुए विजयी
सशक्त स्थायी समिति सदस्य संख्या-1 के लिए हुए चुनाव में रेणु शर्मा ने 18 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि पूजा कुमारी को 14 मत मिले. एक मत अमान्य घोषित किया गया. सदस्य संख्या-2 के चुनाव में दीपक कुमार मिश्रा को 20 मत मिले, जबकि सुभद्रा कुमारी को 12 मत प्राप्त हुए. यहां भी एक मत अमान्य रहा. सदस्य संख्या-3 में प्रजा देवी ने 18 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि रेणु सिंह को 15 मत मिले. सदस्य संख्या-4 में प्रवीण कुमार को 19 मत प्राप्त हुए, जबकि नीलम देवी को 14 मत मिले. सदस्य संख्या-5 के लिए मो. इफ्तेखार अंसारी ने 20 मत हासिल कर जीत दर्ज की. उनके प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व स्थायी समिति सदस्य अशोक सिंह को 13 मत प्राप्त हुए.
33 पार्षदों ने किया मतदान
नगर परिषद के कुल 37 वार्डों में से 33 पार्षदों ने मतदान में हिस्सा लिया. तीन पार्षद- आशा देवी, प्रमिला देवी और बबीता देवी अपरिहार्य कारणों से मतदान में शामिल नहीं हो सकीं. वहीं एक वार्ड में पार्षद के निधन के कारण चुनाव होना शेष है.
प्रमाण पत्र सौंपे गए
मतगणना के बाद एसडीओ अनिल कुमार और बीडीओ अनुरंजन कुमार ने आधिकारिक रूप से परिणामों की घोषणा की तथा नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया. इसके बाद समर्थकों, वार्ड पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विजयी सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया.
राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि सशक्त स्थायी समिति में नए सदस्यों के आने से नगर परिषद के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों और बजट आवंटन में जवाबदेही बढ़ सकती है. वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि समिति में शामिल सदस्य मुख्य पार्षद के विरोधी गुट से जुड़े हुए हैं, तो वित्तीय एवं प्रशासनिक निर्णयों को लेकर भविष्य में मतभेद और गतिरोध की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है.
स्थायी समिति नगर परिषद की महत्वपूर्ण इकाई मानी जाती है, जो विकास योजनाओं, टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है. ऐसे में इस चुनाव के परिणामों पर स्थानीय राजनीति की नजर बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










