बेगूसराय में खड़े ट्रक से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौत

टक्कर के बाद की स्थिति
Begusarai News: बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में खड़े ट्रक से तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में चालक शंकर यादव की मौत हो गई. पुलिस ने जेसीबी की मदद से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया.
Begusarai News: (अजय कुमार की रिपोर्ट) जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई. घटना सनहा बखड्डा पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर बेगूसराय-खगड़िया फोरलेन सड़क पर हुई, जहां सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी.
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरका विष्णुपुर महुआ वार्ड संख्या-7 निवासी द्वारका यादव के लगभग 40 वर्षीय पुत्र शंकर यादव के रूप में की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या बीआर 43 जीए 7361 तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ी थी. इसी दौरान एल्बेस्टर लदी ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 61 बी 7519 बेगूसराय से खगड़िया की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक सीधे आगे खड़े ट्रक से जा टकराई.
टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हादसे में ट्रक के केबिन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया.
जेसीबी की मदद से निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलने पर साहेबपुरकमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. चालक के केबिन में फंसे होने के कारण पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाई. काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया. हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था. पुलिस ने शव के अवशेषों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व मुंगेर पुल पर भी खड़े ट्रक में पीछे से ट्रक की टक्कर होने से एक चालक की मौत हो गई थी.
इसे भी पढ़ें: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










