बेगूसराय के बछवाड़ा पहुंची राजद की प्रदेश टीम, दुष्कर्म पीड़िता और मृत छात्र के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 02 Jun 2026 9:09 PM

विज्ञापन

बछवाड़ा पहुंची राजद की प्रदेश टीम

Begusarai News: बेगूसराय के बछवाड़ा में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और स्कूल में ग्रिल गिरने से छात्र की मौत के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर राजद की प्रदेश टीम पीड़ितों से मिलने पहुंची. टीम में एमएलसी उर्मिला ठाकुर, अनिता भारती और मोहित यादव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे. उर्मिला ठाकुर ने लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाते हुए तेघड़ा डीएसपी से बात की और गिरफ्तार आरोपी को स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की. टीम इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगी.

विज्ञापन

Begusarai News (डबलु कुमार): बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र में पिछले दिनों घटित दो अलग-अलग अत्यंत दुखद और संवेदनशील घटनाओं को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भिखमचक गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और अरवा गांव में विद्यालय का लोहे का ग्रिल गिरने से एक छात्र की दर्दनाक मौत के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उच्चस्तरीय प्रदेश टीम मंगलवार को बछवाड़ा पहुंची. राजद के सात सदस्यीय इस दल ने दोनों पीड़ित परिवारों के घर जाकर मुलाकात की, उनका ढांढस बंधाया और जमीनी स्थिति का विस्तृत जायजा लिया.

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के संज्ञान पर गठित हुई राजद की विशेष कमेटी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेगूसराय के राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने इन दोनों हृदयविदारक घटनाओं के संबंध में पटना मुख्यालय को एक विस्तृत पत्र लिखकर अवगत कराया था. इसपर त्वरित संज्ञान लेते हुए बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर एक विशेष प्रदेश स्तरीय जांच टीम का गठन कर बछवाड़ा भेजा गया.

इस उच्चस्तरीय टीम में मुख्य रूप से:

  • बिहार विधान परिषद की संयोजक उर्मिला ठाकुर
  • राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष अनिता भारती
  • राजद महानगर महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मीना राय
  • महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता कुशवाहा
  • वैशाली की जिलाध्यक्ष सुचित्रा चौधरी
  • बेगूसराय जिलाध्यक्ष मोहित यादव
  • युवा राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष रूपेश कुमार यादव शामिल थे.

डबल इंजन सरकार के ‘बेटी बचाओ’ नारे पर बरसीं उर्मिला ठाकुर, स्पीडी ट्रायल की मांग

सबसे पहले यह टीम भिखमचक पंचायत के भिखमचक गांव पहुंची, जहां उन्होंने चार साल की मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के मामले में रोते-बिलखते माता-पिता से मुलाकात की. परिजनों से मिलने के बाद भावुक और आक्रोशित विधान परिषद की संयोजक उर्मिला ठाकुर ने सरकार की कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा, “बिहार की इस डबल इंजन सरकार में एक तरफ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का खोखला नारा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ चार साल की अबोध बच्चियों के साथ सामूहिक दरिंदगी और दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदातें हो रही हैं, जो बेहद निंदनीय हैं. ऐसी घटनाओं से पूरा समाज शर्मसार हो रहा है.”

उन्होंने आगे बताया कि इस संबंध में तेघड़ा डीएसपी से फोन पर वार्ता हुई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. राजद प्रशासन से पुरजोर मांग करती है कि इस संवेदनशील मामले को स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) के तहत कोर्ट में ले जाया जाए, ताकि दरिंदे को जल्द से जल्द फांसी या कठोरतम सजा मिल सके.

अरवा गांव पहुंच ग्रिल हादसे में मृत छात्र के माता-पिता का साझा किया दुख

मासूम पीड़िता के परिजनों से मिलने के बाद राजद की यह प्रदेश टीम तुरंत अरवा गांव के लिए रवाना हुई. यहाँ पिछले दिनों स्थानीय विद्यालय परिसर में खेल रहे एक मासूम छात्र की भारी-भरकम लोहे के ग्रिल के नीचे दब जाने से दर्दनाक मौत हो गई थी. राजद टीम ने मृत छात्र के परिजनों से मिलकर इस प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ गहरी संवेदना व्यक्त की.

इस मौके पर युवा राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रूपेश यादव और जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि इस तरह की घटनाएं और लापरवाही समाज व शिक्षा व्यवस्था पर गहरा दुष्प्रभाव डालती हैं. बछवाड़ा की इस पूरी जमीनी हकीकत और पीड़ितों के बयानों से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद प्रदेश नेतृत्व को एक लिखित रिपोर्ट सौंपकर विस्तृत रूप से अवगत कराया जाएगा, ताकि विधानसभा में भी इस आवाज को उठाया जा सके. इस दौरान स्थानीय नेत्री सरिता राम, मुखिया रामदेव सहनी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और राजद कार्यकर्ता मौके पर मुस्तैद रहे.

Also Read: बक्सर के सहयोग शिविर में देर से पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारी, विधायक ने सुनी लोगो की समस्या

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन