बक्सर के सहयोग शिविर में देर से पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारी, विधायक ने सुनी लोगो की समस्या

Updated:
विज्ञापन

Buxar News: बक्सर में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. हालांकि राजस्व विभाग के अधिकारियों के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और शिविर की उपयोगिता पर सवाल खड़े किए.

विज्ञापन

Buxar News: (प्रशांत कुमार राय) बक्सर सदर प्रखंड के रहसीचक पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर सुनकर उनका त्वरित समाधान करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और अपनी समस्याओं से अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया.

आपके शहर में

विज्ञापन

राजस्व विभाग के अधिकारियों की देरी बनी चर्चा का विषय

शिविर के दौरान कुछ विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति और देरी चर्चा का विषय बनी रही. ग्रामीणों का कहना था कि कई अधिकारियों के नाम की नेम प्लेट तो लगी थी, लेकिन संबंधित अधिकारी समय पर मौजूद नहीं थे. विशेष रूप से राजस्व विभाग के अधिकारी शिविर समाप्ति के करीब 12:35 बजे पहुंचे, जबकि शिविर का निर्धारित समय दोपहर 1 बजे तक था. अधिकारियों के पहुंचने तक अधिकांश ग्रामीण वापस लौट चुके थे.

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

ग्रामीण नीरज यादव, प्रिंस यादव, रवि कुशवाहा, पवन कुमार और अजय कुमार ने बताया कि वे भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, रसीद कटौती और अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर शिविर में पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की देर से उपस्थिति केवल औपचारिकता पूरी करने जैसी प्रतीत हुई. इससे कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा.

भविष्य में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि भविष्य में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की समय पर और अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान मौके पर ही हो सके और ऐसे शिविरों का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो.

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सुनी समस्याएं

शिविर में सदर विधायक आनंद मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, ग्राम सेवक तथा पंचायत की मुखिया मंजु देवी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को योजनाओं, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई.

लाभुकों को प्रमाण पत्र और जॉब कार्ड का वितरण

शिविर के दौरान कई लाभुकों को जन्म प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण पत्र वितरित किए गए. स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान भी चलाया गया. स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं और किशोरियों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया. इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, कृषि, पंचायत एवं अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई.

विधायक बोले- जनता तक पहुंच रही सरकार

शिविर को संबोधित करते हुए सदर विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि सरकार की मंशा केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने की नहीं है, बल्कि चुनाव के बाद भी लोगों की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने की है. उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए गांव-गांव में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इन शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है और शिकायतों का समाधान भी किया जा रहा है.

Also Read:शिक्षा विभाग की नई पहल, बक्सर के नावानगर में समर कैंप से बच्चों की पढ़ाई में होगा सुधार

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन