बेगूसराय : पति को घर से बाहर भेजा, कुछ देर बाद कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस

घटना बाद रोते-बिखलते हुए परिजन | Prabhat Khabar Network
Begusarai Woman Found Dead : बेगूसराय में एक 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद से पति फरार है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस आत्महत्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Begusarai Woman Found Dead : बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. महिला का शव उसके अपने ही घर के कमरे में फंदे से लटका मिला है. इस घटना के बाद से मृतका का पति अचानक घर से गायब बताया जा रहा है, जिससे इस संवेदनशील मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. स्थानीय पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है. मृतका की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के नरहरिपुर वार्ड संख्या-09 निवासी घनश्याम राय की 31 वर्षीय पत्नी नीलम कुमारी के रूप में की गई है.
बच्चों के रोने पर खुली गोतनी की नींद
परिजनों के अनुसार, देर रात करीब एक बजे बच्चों के अचानक रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे की ओर पहुंचे थे. मृतका की गोतनी निशा कुमारी ने बताया कि जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, तो नीलम का शव फंदे से लटका मिला. उन्होंने दावा किया कि नीलम के सात वर्षीय बेटे आदित्य ने रोते हुए बताया कि उसकी मां ने उससे और उसकी छोटी बहन से कहा था कि वे दोनों अपनी नानी के घर चले जाएं, क्योंकि वह अब इस दुनिया में नहीं रहेगी. परिवार के लोगों का कहना है कि मृतका का पति घनश्याम राय बाहर रहकर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है.
पति-पत्नी के बीच विवाद की आशंका
बताया जा रहा है कि इस घटना से कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था. इसके बाद नीलम ने अपने पति को घर से तुरंत बाहर चले जाने के लिए कह दिया था. घटना के बाद से ही घनश्याम राय का कहीं कोई पता नहीं चल सका है. वहीं, मृतका की सास सीता देवी ने बताया कि रात में सभी ने एक साथ मिलकर भोजन किया था और फिर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे. उन्हें किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका नहीं थी. देर रात बच्चों के रोने की आवाज सुनने के बाद ही इस दुखद घटना की जानकारी मिल सकी.
समस्तीपुर जिले में है मृतका का मायका
विवाहिता का मायका समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टारा गांव में अवस्थित है. करीब 12 वर्ष पूर्व उसकी सामाजिक रीति-रिवाज के साथ घनश्याम राय से शादी हुई थी. मृतका के पिता ने घटना स्थल पर पहुंचकर बताया कि उन्हें पति-पत्नी के बीच चल रहे किसी भी तरह के विवाद की पूर्व में कोई जानकारी नहीं थी. सूचना मिलने पर जब वे बेटी के ससुराल पहुंचे, तो वहां उसका शव फंदे से लटका मिला. मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों, जिनमें एक सात वर्षीय बेटा आदित्य कुमार और दो वर्षीय मासूम बेटी सृष्टि कुमारी शामिल हैं, को रोता-बिलखता छोड़ गई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
इधर, घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल (फॉरेसिक) साक्ष्य और परिजनों द्वारा दर्ज कराए जाने वाले आधिकारिक बयान के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










