बेगूसराय में डुप्लीकेट पान मसाला पर छापेमारी, बछवाड़ा से कारोबारी गिरफ्तार, तेघड़ा में जांच के बाद दो को छोड़ा

Author Dablu kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
डुप्लीकेट पान मसाला को लेकर पुलिस की छापेमारी, कारोबारी से पुलिस कर रही पूछताछ

डुप्लीकेट पान मसाला व आरोपी | Prabhat Khabar Network

Begusarai News: बेगूसराय पुलिस ने बछवाड़ा और तेघड़ा में नकली पान मसाला के अवैध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है. बछवाड़ा में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली उत्पाद और रैपर जब्त किए गए, जिससे हड़कंप मच गया.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसराय में डुप्लीकेट पान मसाला के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस की विशेष टीम ने बछवाड़ा और तेघड़ा थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर सघन छापेमारी की. इस औचक कार्रवाई से नकली उत्पादों का धंधा करने वाले अवैध कारोबारियों में पूरी तरह हड़कंप मचा रहा. बछवाड़ा थाना क्षेत्र के गोधना गांव में बुधवार की रात पान मसाला कंपनी की लीगल टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया.

भारी मात्रा में सामान जब्त

कंपनी की लीगल टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बछवाड़ा थाना क्षेत्र में राज निवास कंपनी के मसाले और रैपर का बड़े पैमाने पर कॉपीराइट उल्लंघन कर नकली माल तैयार किया जा रहा है. इसी सूचना पर पुलिस ने गोधना निवासी स्वर्गीय रुद्रदेव पोद्दार के पुत्र अमरदीप पोद्दार के ठिकाने पर छापा मारा. मौके से काफी मात्रा में डुप्लीकेट राज निवास पान मसाला, कॉपीराइट रैपर और एक हजार से अधिक गोल्ड फ्लैक सिगरेट के खाली डब्बे बरामद किए गए.

धोखाधड़ी का मामला दर्ज

कंपनी के लीगल एडवाइजर अभिषेक कुमार और वरिष्ठ कर्मचारी टंकण चक्रवर्ती ने बताया कि उक्त कारोबारी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट, धोखाधड़ी और टैक्स रेवेन्यू चोरी के संगीन मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. बछवाड़ा थानाध्यक्ष परेन्द्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमरदीप पोद्दार से सघन पूछताछ करने के उपरांत उसे न्यायिक हिरासत में बेगूसराय जेल भेज दिया गया है.

तेघड़ा में भी कार्रवाई

इसी क्रम में तेघड़ा थाना क्षेत्र में भी बुधवार की शाम नकली पान मसाला खरीद-बिक्री के संदेह में कंपनी की लीगल टीम एवं तेघड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई चली. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्थानीय कारोबारियों को भारी मात्रा में पान मसाला के साथ हिरासत में ले लिया. इस कार्रवाई से बाजार के अन्य किराना दुकानदारों और थोक विक्रेताओं के बीच हड़कंप मच गया.

जांच में सही मिला माल

तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि संबंधित पान मसाला कंपनी के लीगल टीम सदस्य टंकण चक्रबर्ती की लिखित शिकायत पर दो दुकानदारों को हिरासत में लिया गया था. हालांकि, कंपनी की लीगल टीम ने जब जब्त पान मसाला के ट्रेडमार्क, होलोग्राम और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच-पड़ताल की, तो सारा सामान असली पाया गया. इसके बाद टीम ने स्वीकार किया कि उन्हें गलत इनपुट मिला था.

कारोबारी को किया रिहा

सामान असली प्रमाणित होने के बाद लीगल टीम ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर दुकानदारों को सामान सहित मुक्त करने का अनुरोध किया. इसके बाद तेघड़ा थाना पुलिस ने दोनों हिरासत में लिए गए कारोबारियों को जब्त सामान के साथ सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत सम्मानपूर्वक छोड़ दिया. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में ब्रांडेड कंपनियों के नकली उत्पाद बेचने वालों पर आगे भी निगरानी जारी रहेगी.

Also Read: बेगूसराय: बरौनी जंक्शन पर 83 लीटर विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार


विज्ञापन
Dablu Kumar

लेखक के बारे में

By Dablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन