बेगूसराय: बलिया में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला आयोजित, पीपल और तुलसी के वैज्ञानिक महत्व पर चर्चा

Author Krishna|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
बलिया में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला का किया गया आयोजन

बलिया अनुमंडल क्षेत्र में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत एक अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस दौरान पीपल और तुलसी के वैज्ञानिक महत्व के साथ-साथ कचरा प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

विज्ञापन

Begusarai News: बलिया अनुमंडल क्षेत्र के एसएएस प्लस टू विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बेगूसराय के जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार सुधांशु एवं अनुमंडल समन्वयक अनुरागी चौरसिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार सुधांशु ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि विज्ञान शिक्षक समाज को नई और प्रगतिशील दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं.

पीपल में जल देना सिर्फ परंपरा नहीं, विज्ञान है: हर्षवर्धन कुमार

कार्यक्रम का संचालन करते हुए अनुमंडल समन्वयक अनुरागी चौरसिया ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के मुख्य विषय एवं उप-विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला. इसके बाद जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार ने वैज्ञानिक परियोजना (प्रोजेक्ट) निर्माण की विभिन्न विधियों एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने विशेष रूप से 'भारतीय ज्ञान प्रणाली' उप-विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि पीपल में जल अर्पित करना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि इसके पीछे ठोस वैज्ञानिक कारण हैं. पीपल सर्वाधिक ऑक्सीजन प्रदान करने वाला वृक्ष है, इसलिए इसे संरक्षित रखना पर्यावरण के लिए आवश्यक है.

कचरे से समृद्धि और नवाचार पर आधारित प्रोजेक्ट बनाने की अपील

जिला समन्वयक ने शिक्षकों को पीपल के बायोमास तथा तुलसी के औषधीय एवं पर्यावरणीय गुणों पर आधारित वैज्ञानिक परियोजनाएं तैयार करने का सुझाव दिया. उन्होंने कचरा प्रबंधन विषय पर भी प्रकाश डालते हुए प्लास्टिक की बोतलों सहित अन्य अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग से 'कचरे से समृद्धि' विषय पर नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स तैयार करने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया.

अनुमंडल आयोजन समिति का हुआ गठन, इन्हें मिली जिम्मेदारी

कार्यशाला के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की अनुमंडल आयोजन समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया. इसमें अनुरागी चौरसिया को अनुमंडल समन्वयक तथा निशा सिंह को अनुमंडल शैक्षिक समन्वयक चुना गया. इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों के लिए समन्वयकों का मनोनयन किया गया, जिसमें बलिया प्रखंड के लिए प्रेरणा कुमारी, साहेबपुर कमाल प्रखंड के लिए मो. नैयर इकबाल तथा डंडारी प्रखंड के लिए जितेंद्र कुमार को प्रखंड समन्वयक नियुक्त किया गया. अंत में विद्यालय के शिक्षक हितेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया.


विज्ञापन
Krishna

लेखक के बारे में

By Krishna

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन