मंझौल में उर्वरक के संतुलित प्रयोग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Published at :24 Apr 2026 9:11 PM (IST)
विज्ञापन
मंझौल में उर्वरक के संतुलित प्रयोग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

परियोजना निदेशक आत्मा, बेगूसराय के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रखंड तकनीक प्रबंधक मोहन कुमार के नेतृत्व में पंचायत कृषि कार्यालय मंझौल एक में किसानों के हित में उर्वरक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

मंझौल. परियोजना निदेशक आत्मा, बेगूसराय के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रखंड तकनीक प्रबंधक मोहन कुमार के नेतृत्व में पंचायत कृषि कार्यालय मंझौल एक में किसानों के हित में उर्वरक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए. मौके पर बीटीएम मोहन कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिक उत्पादन के चक्कर में लगातार जरूरत से ज्यादा रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग किया जा रहा है. इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे क्षीण हो रही है और इसका विपरीत असर फसल उत्पादन पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बिना मिट्टी जांच के अंधाधुंध खाद डालने से लागत बढ़ती है और जमीन बंजर होने की कगार पर पहुंच जाती है. मोहन कुमार ने नियमित मिट्टी जांच पर विशेष जोर दिया. उन्होंने बताया कि मिट्टी परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरक के प्रयोग से फसल में पोषक तत्वों की कमी दूर होगी, उत्पादन में वृद्धि होगी और खेतों में लगने वाले विभिन्न रोगों से भी मुक्ति मिलेगी. किसान सॉयल हेल्थ कार्ड बनवाकर उसी के अनुसार खाद का प्रयोग करें. वहीं कृषि समन्वयक मनीष कुमार ने किसानों से खेतों में अधिक से अधिक जैविक खाद और केंचुआ खाद के प्रयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि केंचुआ खाद के इस्तेमाल से न केवल गुणवत्तापूर्ण फसल मिलेगी, बल्कि रसायन मुक्त अनाज से लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर बनेगा. जैविक खेती ही भविष्य की खेती है, इससे मिट्टी की सेहत भी सुधरेगी और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा. कार्यक्रम में प्रखंड उद्यान पदाधिकारी अमृत किशोर राय ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और किसानों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की. मौके पर कृषि समन्वयक संजीव कुमार सिंह किसान सलाहकार विमल भारती, पंचायत तकनीकी प्रबंधक मुकुल कुमार समेत क्षेत्र के दर्जनों प्रगतिशील किसान मौजूद थे. किसानों ने मिट्टी जांच, जैविक खेती और उर्वरक प्रबंधन से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया. कार्यक्रम के अंत में किसानों को संतुलित उर्वरक प्रयोग और जैविक खेती को बढ़ावा देने की संकल्प दिलाई गई.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन