मजदूर के बेटे ने 70वीं BPSC में लहराया बेगूसराय का परचम, ननिहाल में रहकर की तैयारी, बने आपूर्ति निरीक्षक
बीपीएससी में चयनित विशाल कुमार की फाइल फोटो
BPSC 70th Result : बेगूसराय के नावकोठी प्रखंड अंतर्गत छतौना गांव के विशाल कुमार ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा में 1830वीं रैंक हासिल कर आपूर्ति निरीक्षक पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. मजदूर पिता और गृहिणी मां के बेटे विशाल ने बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी और टेस्ट सीरीज के दम पर चौथे प्रयास में यह सफलता हासिल की.
बेगूसराय से एस.एम बेग की रिपोर्ट
BPSC 70th Result : नावकोठी प्रखंड के डफरपुर पंचायत अंतर्गत छतौना गांव के लाल विशाल कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर आपूर्ति निरीक्षक (Supply Inspector) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता से पूरे गांव और प्रखंड में खुशी का माहौल है.
ननिहाल में रहकर की तैयारी, चौथे प्रयास में मिली सफलता
छतौना वार्ड संख्या-15 निवासी माखन महतो के पुत्र विशाल कुमार ने बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी और टेस्ट सीरीज के सहारे यह उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने अपनी पढ़ाई का अधिकांश समय खोदावंदपुर प्रखंड के बजही गांव स्थित अपने ननिहाल में बिताया. विशाल, बजही निवासी राधा महतो के नाती हैं. उनके नाना रेलवे में फीटर पद पर कार्यरत थे.

मजदूर पिता और गृहिणी मां के बेटे ने किया कमाल
विशाल के पिता माखन महतो मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया. विशाल ने बताया कि चौथे प्रयास में 1830वीं रैंक हासिल कर उनका चयन आपूर्ति निरीक्षक पद के लिए हुआ है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता, नाना-नानी और दोस्तों को दिया.
शैक्षणिक सफर रहा प्रेरणादायक
विशाल ने वर्ष 2012 में बीएस हाई स्कूल महथी से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद मंसूरचक स्थित एनएन सिंह प्लस टू विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. उन्होंने बताया कि आंसर राइटिंग प्रैक्टिस, टेस्ट सीरीज और कोचिंग संस्थान के नोट्स ने उनकी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
गांव में जश्न, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित
विशाल की सफलता पर डफरपुर पंचायत की मुखिया सुनैना देवी, उपमुखिया राजकुमार सिंह और सरपंच शांति देवी ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर रतीश मिश्रा, दिलीप महतो, प्रिंस कुमार, मुकुंद कुमार और सुधीर सिंह समेत कई लोगों ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई.

लोगों ने कहा कि विशाल ने साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने कहा कि विशाल पंचायत और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. जल्द ही उनके सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए