बेगूसराय एएनएम कॉलेज में दीक्षांत समारोह, 94 छात्राओं को मिला प्रमाणपत्र, मंत्री संजय कुमार ने दिया संदेश

1 पासआउट छात्राओं के साथ मंत्री संजय कुमार एवं जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान 2 कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हुए छात्राएं 3 एएनएम छात्रा को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए मंत्री संजय कुमार | Prabhat Khabar Network
Begusarai ANM College Convocation : बेगूसराय के एएनएम कॉलेज बखरी में आयोजित दीक्षांत समारोह में 94 छात्राओं को प्रमाण-पत्र दिए गए। मंत्री संजय कुमार ने छात्राओं को सेवा का संकल्प दिलाया।
Begusarai ANM College Convocation : बेगूसराय के बखरी स्थित एएनएम कॉलेज में सत्र 2021-23 एवं 2022-24 की छात्राओं के लिए भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया. समारोह में 94 छात्राओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए और स्वास्थ्य सेवा में समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया.
दीप प्रज्वलित कर समारोह का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, पीएचसी प्रभारी डॉ. दीपक कुमार सिंह, लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष प्रेम पासवान तथा जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह में सत्र 2021-23 एवं 2022-24 की कुल 94 छात्राओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.
टीबी मरीजों को बांटी गई पोषण किट, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
समारोह से पहले मंत्री संजय कुमार ने टीबी से पीड़ित दर्जनों मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया. कार्यक्रम में छात्राओं ने तिलक-चंदन एवं पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया. छात्रा मुस्कान, अस्मिता, ज्योति, अंशु और साक्षी कुमारी ने स्वागत गीत एवं मैथिली सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया.
स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं एएनएम: मंत्री संजय कुमार
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि एएनएम स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने छात्राओं से सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
जिला परिषद अध्यक्ष ने छात्राओं को दी समाज सेवा की सीख
जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्राओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है. प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव समाज की सेवा में उपयोगी सिद्ध होगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर स्वस्थ समाज के निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका होती है.
अतिथियों का सम्मान, कई गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में पीएचसी प्रभारी, एएनएम स्कूल की प्राचार्य श्वेता कुमारी एवं ट्यूटर प्रिया भारद्वाज ने सभी अतिथियों को माला और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य घनश्याम राय, नावकोठी मुखिया राष्ट्रपति कुमार, लोजपा (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम को सफल बनाने में चंद्रशेखर पोद्दार, रणधीर कुमार, प्रभात कुमार और राजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम का संचालन आराध्य कुमारी ने किया.
Also Read : बेगूसराय में बाबाधाम जा रहे कांवरिया की स्कॉर्पियो से कुचलकर मौत, पहली सोमवारी पर हादसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










