शिक्षा से ही स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है : एसडीएम

Published by : MANISH KUMAR Updated At : 31 Jan 2026 10:25 PM

विज्ञापन

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत काजीरसलपुर पंचायत स्थित संत जोसेफ एकेडमी रघुनंदनपुर के प्रांगण में शनिवार को विद्यालय का 14 वां वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक मनाया गया.

विज्ञापन

भगवानपुर. प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत काजीरसलपुर पंचायत स्थित संत जोसेफ एकेडमी रघुनंदनपुर के प्रांगण में शनिवार को विद्यालय का 14 वां वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गान की प्रस्तुति से की. कार्यक्रम का उद्घाटन तेघड़ा एसडीएम राकेश कुमार, भारद्वाज गुरुकुल बेगूसराय के डायरेक्टर शिव प्रकाश भारद्वाज, विद्यालय के प्राचार्य जे.आर. जॉर्ज, विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार राय, शिक्षाविद डॉक्टर सच्चिदानंद पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. साथ ही विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार राय ने सभी आगत अतिथियों को अंग वस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं है. इसका लक्ष्य बेहतर नागरिक बनाना और सभ्य समाज का निर्माण करना है. कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी है. उन्होंने उक्त आयोजन को लेकर कहा कि विद्यालय में इस तरह के आयोजन होने से बच्चों के साथ साथ अभिभावक भी उत्साहित होते हैं. उन्होंने बच्चों सहित विद्यालय परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना किए. वहीं प्राचार्य जे0 आर0 जॉर्ज ने स्कूल की वार्षिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला. इस दौरान स्कूली बच्चों ने कई तरह के झांकियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. उक्त मौके पर संत जोसेफ पब्लिक स्कूल बेगूसराय के अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, भारद्वाज गुरुकुल बेगूसराय के डायरेक्टर शिव प्रकाश भारद्वाज, लाइफलाइन एंड रिसर्च सेंटर बरौनी के प्रबंध निदेशक डॉ हेमंत कुमार, विद्यालय के प्रशासक मनोज कुमार राय सहित सैकड़ों की संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद थे.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन