घर लौटते समय कटोरिया सड़क पर थम गयी जिंदगी, तबीयत बिगड़ते ही बाइक से गिरकर महिला की मौत

Updated:
विज्ञापन

Banka Road Accident News : अपने नाती-नातिन को लेकर घर लौट रही एक महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा. रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह बाइक से गिर गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गयी.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : कटोरिया थाना क्षेत्र के बहदिया-धानवरण मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में 45 वर्षीय आदिवासी महिला की मौत हो गई. बहदिया हाट के समीप बाइक से गिरने के बाद महिला गंभीर रूप से अचेत हो गई थी. परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

नाती-नातिन के साथ घर लौट रही थी महिला

मृतका की पहचान धानवरण गांव निवासी रसिकलाल हैंब्रम की पत्नी तालो मुर्मू के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार तालो मुर्मू अपने नाती अनूप टुडू और नातिन को लेकर पुत्र गंगाराम हैंब्रम के साथ आपाची बाइक से घर लौट रही थी. इसी दौरान बहदिया हाट के समीप यह हादसा हो गया.

अचानक चक्कर आने के बाद सड़क पर गिरी

परिजनों के मुताबिक रास्ते में अचानक तालो मुर्मू को चक्कर आने लगा. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह बाइक से नीचे सड़क पर गिर गई और बेहोश हो गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई.

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद परिजन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया लेकर पहुंचे. वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार ने जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पति रसिकलाल हैंब्रम, पुत्र गंगाराम हैंब्रम, चचेरी पतोहु बहा हांसदा, भतीजा सनत हैंब्रम और पुत्री पिंकू हांसदा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना के अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार और सहायक अवर निरीक्षक नारायण बैठा पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल गांव और परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन