बांका मंडी में अनाज के भाव स्थिर, आलू-प्याज में उतार-चढ़ाव, बढ़ते परिवहन खर्च से महंगाई के संकेत
मंडी की सांकेतिक तस्वीर.
Banka Mandi Bhav : बांका मंडी में गुरुवार को अनाज, दलहन और तेलहन की आवक सामान्य रही, जिससे अधिकांश खाद्यान्न की कीमतें स्थिर रहीं. हालांकि, बढ़ते परिवहन खर्चों और विक्रमशिला सेतु की समस्या के कारण आने वाले दिनों में महंगाई की आशंका जताई जा रही है.
Banka Mandi Bhav : बांका की प्रमुख मंडी में गुरुवार को अनाज, दलहन और तेलहन की आवक सामान्य रही. किसानों, व्यापारियों और खरीदारों की अच्छी आवाजाही के बीच अधिकांश खाद्यान्न की कीमतें स्थिर बनी रहीं. पर्याप्त आवक के कारण बाजार में किसी तरह की कमी नहीं दिखी. हालांकि सब्जी मंडी में प्रतिदिन की तरह आलू और प्याज के दामों में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया.
बढ़ते परिवहन खर्च से बढ़ सकती हैं कीमतें
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में अनाज की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में कीमतों में तेजी आने की संभावना है. इसका प्रमुख कारण भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने से माल ढुलाई प्रभावित होना और ईंधन की बढ़ती कीमतें हैं. परिवहन लागत बढ़ने से थोक और खुदरा व्यापारियों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिसका असर बाजार भाव पर दिखाई देने लगा है.
मौसम और आवक पर टिकी कारोबारियों की नजर
व्यापारियों और किसानों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम और मंडी में होने वाली आवक के आधार पर खाद्यान्न के भाव तय होंगे. यदि बारिश के कारण आवक प्रभावित होती है या परिवहन व्यवस्था में दिक्कत बनी रहती है तो गेहूं, दाल, तेलहन और अन्य जिंसों के दाम बढ़ सकते हैं. फिलहाल बाजार में खरीद-बिक्री सामान्य बनी हुई है.
आज का मंडी भाव
स्थानीय मंडी में गेहूं 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल, मक्का 2100 से 2150 रुपये, मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये, अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये तथा बासमती चावल 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है.
मसूर दाल 6000 से 6550 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये, अरहर दाल 11500 से 15000 रुपये, गोटा चना 6200 से 6400 रुपये, गोटा मूंग 8500 से 9000 रुपये और पीली सरसों 7300 से 7550 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर कारोबार हुआ. वहीं 15 लीटर सरसों तेल की कीमत 2070 से 2470 रुपये रही. आलू 1200 से 1450 रुपये तथा प्याज 3800 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिके.
किसानों और उपभोक्ताओं के लिए अहम संकेत
कारोबारियों का मानना है कि यदि परिवहन लागत में लगातार बढ़ोतरी होती रही और माल की आवक प्रभावित हुई तो आने वाले दिनों में आवश्यक खाद्यान्न और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं. ऐसे में किसान, व्यापारी और उपभोक्ता सभी की नजर अब मौसम और मंडी की आवक पर टिकी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मदन कुमार
मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










