पंजवारा-रणगांव मार्ग पर झूल रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार, हर पल हादसे का खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश

Updated:
विज्ञापन

पंजवारा-रणगांव मुख्य मार्ग पर झूल रहा हाईटेंशन बिजली तार.

High Tension Wire Danger : पंजवारा-रणगांव मुख्य मार्ग पर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. बारिश और हवा में यह खतरा और बढ़ जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से इसकी मरम्मत और सुरक्षित ऊंचाई पर उठाने की मांग की है.

विज्ञापन

High Tension Wire Danger : पंजवारा-रणगांव मुख्य मार्ग पर सड़क के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार काफी नीचे झूल रहा है. इससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय यह लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है. प्रतिदिन इस सड़क से सैकड़ों की संख्या में पैदल यात्री, बाइक सवार, छोटे-बड़े वाहन और स्कूली बच्चे गुजरते हैं.

बारिश और हवा में और बढ़ जाता है खतरा

ग्रामीणों के अनुसार हल्की हवा या बारिश होने पर बिजली का तार और अधिक नीचे आ जाता है. ऐसे समय दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है. लोगों का कहना है कि यदि कोई लंबा वाहन या लोडिंग वाहन यहां से गुजरता है तो स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है. इस कारण राहगीर हमेशा डर के साये में सफर करने को मजबूर हैं.

शिकायत के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग

ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक न तो तार की मरम्मत कराई गई और न ही उसे सुरक्षित ऊंचाई पर उठाने का कोई प्रयास किया गया. विभाग की इस उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.

हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से अविलंब झूल रहे हाईटेंशन तार की मरम्मत कर उसे सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई जनहानि हुई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी. लोगों ने प्रशासन से भी इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर संभावित दुर्घटना को रोकने की अपील की है.

ग्रामीणों में डर, विभाग से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में झूलता हाईटेंशन तार किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है. लोगों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द तकनीकी टीम भेजकर समस्या का स्थायी समाधान करे, ताकि राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.


विज्ञापन
गौरव कश्यप

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन