तेलडीहा दुर्गा मंदिर में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने की पूजा-अर्चना

तेलडीहा दुर्गा मंदिर में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने की पूजा-अर्चना
शंभुगंज. मुंगेर के जदयू सांसद सह पशुपालन, मत्स्य केंद्रीय मंत्री ललन सिंह उर्फ राजीव रंजन सिंह मंगलवार को शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे. इस दौरान उनके साथ मुंगेर विधानसभा के विधायक कुमार प्रणय, तारापुर विधानसभा के पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे. केंद्रीय मंत्री के मंदिर आगमन से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला. मंदिर परिसर में पहुंचते ही मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा उन्हें गर्भगृह में ले जाया गया. केन्द्रीय मंत्री मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर मां दुर्गा के चरणों में माथा टेका. पंडित श्याम आचार्य द्वारा केन्द्रीय मंत्री सहित अन्य को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराया गया. पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने राज्य और देश की खुशहाली, शांति और सुख-समृद्धि की कामना किये. केंद्रीय मंत्री के तेलडीहा आगमन की सूचना पहले से ही प्रशासन को मिल चुकी थी, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किया गया था. बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, शंभुगंज बीडीओ नीतीश कुमार, पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार, एमओ भुपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी पुलिस जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहे. इसके अलावा मुंगेर जिले के भी कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी मंदिर परिसर में तैनात दिखे. मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. तिलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और जदयू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया. ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए अपनी आस्था और उत्साह का परिचय दिया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने लोगों से आत्मीय संवाद भी किया और क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी ली. बताया जाता है कि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की तेलडीहा दुर्गा मंदिर से गहरी आस्था जुड़ी हुई हैं. वे जब भी अपने क्षेत्र आते है पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से इस मंदिर में दर्शन-पूजन के लिये आते रहे हैं. मंदिर दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री ने संक्षिप्त रूप से कहा कि आध्यात्मिक स्थलों से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती हैं. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से देश और बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, यही उनकी कामना हैं. उन्होंने क्षेत्रवासियों के स्नेह और स्वागत के लिए आभार भी व्यक्त किये. इस मौके पर मंदिर प्रबंधन समिति सदस्य शंकर दास, पप्पू जी, ललन दास सहित मनोज पाठक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




