नीट यूजी 2026 में सगुन मान सिंह का शानदार प्रदर्शन, डॉक्टर बनने की राह हुई आसान

छात्रा सगुन मान सिंह | Prabhat Khabar Network
नीट यूजी 2026 में बांका की सगुन मान सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर सफलता पाई है। जानिए उनकी मेहनत और डॉक्टर बनने के सफर के बारे में पूरी जानकारी यहाँ।
कटोरिया (बांका). नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा घोषित नीट यूजी-2026 के परिणाम में बांका जिले की मेधावी छात्रा सगुन मान सिंह ने शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सगुन ने परीक्षा में 720 में 478 अंक प्राप्त कर जनरल श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 38611 हासिल की है. परिणाम घोषित होते ही उनके घर में खुशी का माहौल छा गया. परिजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. नियमित अध्ययन से मिली सफलता सगुन मान सिंह कटोरिया के मुक्ति निकेतन स्थित महात्मा गांधी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के डीएलएड संकाय के अध्यक्ष विजयानंद सिंह एवं पिंकी सिंह की पुत्री हैं. उनका पैतृक गांव रणगांव, थाना पंजवारा (बांका) है. उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन व लगातार किए गए अभ्यास के दम पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. सगुन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया. समय का बेहतर प्रबंधन उन्होंने बताया कि रांची में रहकर उन्होंने पूरी लगन और समर्पण के साथ तैयारी की। प्रतिदिन 16 से 18 घंटे तक अध्ययन, नियमित मॉक टेस्ट, स्वयं तैयार किए गए नोट्स का बार-बार अध्ययन तथा समय का बेहतर प्रबंधन उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहे. दो सालों से सोशल मीडिया से रही दूर उन्होंने बताया कि बेहतर एकाग्रता बनाए रखने के लिए पिछले दो वर्षों से सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी. इससे पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली और लक्ष्य हासिल करना आसान हुआ. कुशल कॉर्डियोलॉजिस्ट बनाना है सपना सगुन का सपना भविष्य में एक कॉर्डियोलॉजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ) बनकर समाज की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और समय का सही उपयोग किया जाए, तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती. सगुन की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में गर्व का माहौल है. बधाईयों का लगा तांता जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. शुभकामना देने वालों में मुक्ति निकेतन के सचिव चिरंजीव कुमार सिंह, बीएड कॉलेज के डायरेक्टर रविशंकर सिंह, किशनगंज सेवा सदन के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद जैन सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










