महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, एक किलो 210 ग्राम गांजा बरामद

Published by : DEEPAK KUMAR CHOUDHARY Updated At : 10 Feb 2026 7:31 PM

विज्ञापन

छापेमारी अभियान के दौरान लगभग एक किलो 210 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक महिला भी शामिल है.

विज्ञापन

कटोरिया व राधानगर बाजार में एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी

कटोरिया. गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की रात्रि कटोरिया व राधानगर बाजार में छापेमारी अभियान के दौरान लगभग एक किलो 210 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक महिला भी शामिल है. गिरफ्तार दोनों तस्करों के घरों से बिक्री की नीयत से रखा गांजा व गांजा से भरा सिगरेट भी बरामद हुआ है. एसडीपीओ डॉ रवींद्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाटकीय ढंग से उक्त कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों में कटोरिया बाजार के इंदिरा गार्डन के बगल तुरी टोला में स्थित दुकानदार अजय यादव की पत्नी प्रियंका देवी व राधानगर बाजार निवासी बासुदेव साह का पुत्र धीरेंद्र साह शामिल हैं. गिरफ्तार प्रियंका देवी की दुकान से 765 ग्राम व धीरेंद्र साह के घर से 445 ग्राम गांजा बरामद हुआ है. इस मामले में कटोरिया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार महतो के लिखित आवेदन पर कटोरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. जिसमें अवैध गांजा जैसा मादक पदार्थ का भंडारण, क्रय-विक्रय करने के आरोप में प्रियंका देवी, उसके पति अजय यादव व धीरेंद्र कुमार साह को अभियुक्त बनाया गया है. छापेमारी व अवैध गांजा की बरामदगी की कार्रवाई में एसडीपीओ के अलावा इंस्पेक्टर सह कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, पुअनि राजेश कुमार महतो, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार भारती दल-बल के साथ शामिल थे.

47 पीस गांजे से भरा सिगरेट भी बरामद

थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली की इंदिरा गार्डन के बगल तुरी टोला में अजय यादव व उसकी पत्नी प्रियंका देवी द्वारा मकान में स्थित किराना दुकान से मादक पदार्थ का विक्रय किया जाता है. छापेमारी के दौरान दुकानदार अजय यादव उपस्थित नहीं थे. घेराबंदी कर घर की तलाशी लेने पर घर के ऊपरी तल्ले में सीढ़ी के बगल में छिपाकर प्लास्टिक में रखा गांजा बरामद हुआ. साथ ही लगभग 47 पीस गांजे से भरा सिगरेट भी बरामद हुआ. पूछताछ के दौरान महिला प्रियंका देवी ने पुलिस को बताया कि राधानगर स्थित धीरेंद्र साह के पास से उक्त गांजा को शिवरात्रि में बिक्री के लिए लाई थी. उक्त जानकारी का सत्यापन करने के क्रम में जब पुलिस टीम राधानगर पहुंची, तो धीरेंद्र साह दुकान से निकलकर भाग रहा था, जिसे खदेड़ कर पकड़ लिया गया. घर की तलाशी लेने पर कपड़ा दुकान के पीछे स्थित हॉल में काला रंग के प्लास्टिक में छिपाकर गांजा रखा गया था, जिसे पुलिस टीम ने बरामद किया.

विज्ञापन
DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन