कार व बाइक की टक्कर में बाइक सवार चाचा व दो चचेरे भाई की मौत

Updated at : 04 Apr 2026 6:27 PM (IST)
विज्ञापन
कार व बाइक की टक्कर में बाइक सवार चाचा व दो चचेरे भाई की मौत

जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग में बिज्जीखराबा जिलेबिया मोड़ के बीच तेज रफ्तार कार के धक्के से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी.

विज्ञापन

कार सवार चार लोग जख्मी, भागलपुर रेफर

बेलहर. जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग में बिज्जीखराबा जिलेबिया मोड़ के बीच तेज रफ्तार कार के धक्के से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं इस घटना में कार पर सवार चार लोग जख्मी हो गये, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज भागलपुर रेफर किया गया. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, इस हादसे में बाइक सवार फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के बैनरझोप गांव का सुरेंद्र साह (46), रूपेश कुमार साह (28) व बालेश्वर साह (59) की मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, सभी मृतक अपने किसी नीजी कार्य से साहबगंज मटिहानी गांव जा रहे थे. इसी दौरान झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत मोरवे गांव निवासी कार सवार, जो सुल्तानगंज से जल भरकर देवघर पूजा करने के लिए जा रहे थे, घटनास्थल के पास अनियंत्रित कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार उक्त तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी. साथ ही इस घटना में उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. वहीं कार भी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे कार पर सवार आधा दर्जन लोगों में से चार लोग प्रवीण कुमार गुप्ता, पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, खुशबू कुमारी जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर लाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया. गनीमत यह रही कि घटना के वक्त कार का सुरक्षा बैलून खुल जाने से सभी कार सवार लोग बड़े हादसा का शिकार होने से बच गए. कार पर सवार एक युवक व एक बच्चे को मामूली चोट आयी है.

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी, जिसके कारण घटनास्थल पर अनियंत्रित होकर बाइक सवार को धक्का मार दिया. घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गये. बताया जा रहा है कि कार चालक को नींद आने के कारण ऐसी घटना घटी. उधर घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी. थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया है कि कार की जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गयी. सभी मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है, जबकि घटना में जख्मी कार सवार को इलाज के लिए भागलपुर भेज दिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को जब्त कर लिया है. मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.

परिजनों की चीख-पुकार से माहौल हुआ गमगीन

घटना की सूचना मिलते ही तीनों मृतक के परिजनों व ग्रामीणों की घटनास्थल पर भीड़ जुट गयी. शव को देखते ही परिजनों के चीख व पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. तीनों मृतक एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं, जिसमें एक चाचा व दो चचेरा भाई शामिल है. घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजन गौरी कुमारी, सनीचरी देवी, दिलखुश कुमार, अंकुश कुमार, धमनी देवी, भूमी देवी, रूपेश कुमार, सुलोचना देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं घटना की सूचना मिलने पर मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा.

विज्ञापन
Abhay Kumar

लेखक के बारे में

By Abhay Kumar

Abhay Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन