एबीवीपी स्थापना दिवस पर बौंसी में कबड्डी का रोमांच, छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम

फोटो कैप्शन: स्थापना दिवस समारोह के मौके पर मौजूद एबीवीपी के प्रतिनिधि और विद्यार्थी गण | Prabhat Khabar Network
एबीवीपी स्थापना दिवस पर बौंसी में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम और खेल भावना का परिचय दिया। विजेता टीमों को किया गया सम्मानित।
बौंसी. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में बौंसी नगर इकाई की ओर से सीएनडी हाई स्कूल, बौंसी परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया. पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला. प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं के बीच खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था. विभिन्न टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में सीएनडी हाई स्कूल सत्यम (एमएमसी) बौंसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. वहीं महिला वर्ग में सीएनडी हाई स्कूल की प्रतिमा (टीम बी) विजेता बनी. समापन अवसर पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को परिषद के पदाधिकारियों और उपस्थित अतिथियों ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया. वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करती हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक सत्यम झा, नगर मंत्री नंद किशोर मिश्रा, नगर सह मंत्री सत्यम झा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य काजल राय एवं प्रदीप झा, एसएफडी प्रमुख एवं मंच संचालक मो. तौशिफ इकबाल, एसएफएस प्रमुख हेमंत कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्य आर्यन राज और शिवम कुमार की सक्रिय भूमिका रही. परिषद ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










