CNG टोटो बना शराब तस्करी का अड्डा! बौसी पुलिस ने 110 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन को दबोचा

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 22 May 2026 9:37 AM

विज्ञापन

Banka News : म्यूजिक बॉक्स और गुप्त चेंबर में छिपाकर लाई जा रही थी विदेशी शराब की खेप. लेकिन बौसी पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की पूरी चालाकी पर पानी फेर दिया.

विज्ञापन

बौसी( बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट : बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. झारखंड से भागलपुर ले जाई जा रही शराब की खेप को पुलिस ने सीएनजी टोटो समेत जब्त कर लिया. इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.

गुप्त सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस

पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से सीएनजी टोटो के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब भागलपुर पहुंचाई जाने वाली है. सूचना मिलते ही बौसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम अलर्ट मोड में आ गई. पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार और अन्य जवानों ने बौसी-हंसडीहा नेशनल हाईवे पर गुड़िया मोड़ स्थित हड्डी गोदाम के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक संदिग्ध सीएनजी टोटो को रोककर तलाशी ली गई.

टोटो के म्यूजिक बॉक्स में छिपी थी शराब

तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई. तस्करों ने टोटो के म्यूजिक बॉक्स और अन्य गुप्त हिस्सों में बेहद शातिर तरीके से विदेशी शराब छिपा रखी थी. पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की करीब 110 लीटर विदेशी शराब बरामद की. जब्त शराब की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से टोटो वाहन को भी जब्त कर लिया.

गिरफ्तार तीन आरोपित भागलपुर निवासी

कार्रवाई के दौरान वाहन पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित श्रीरामपुर निवासी राजेश कुमार तांती, उसके नाबालिग भाई तथा मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र निवासी समीर राज के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार राजेश और उसका भाई आपस में सहोदर हैं. तीनों से पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

शराब नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

बौसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले की गहन जांच जारी है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन