बिजली ऑफिस और मवेशी अस्पताल जाने वाली सड़क बनी खतरा, गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे लोग

Updated:
विज्ञापन
बिजली ऑफिस और मवेशी अस्पताल जाने वाली सड़क बनी खतरा, गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे लोग

Banka News : रजौन में बिजली ऑफिस और मवेशी अस्पताल तक जाने वाली सड़क अब सड़क कम और हादसों का रास्ता ज्यादा बन चुकी है. पानी से भरे गड्ढों में हर दिन लोग गिर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अब भी चुप हैं.

विज्ञापन

रजौन (बांका) से पीयूष कुमार की रिपोर्ट : बांका जिले के रजौन प्रखंड मुख्यालय मार्ग से बिजली ऑफिस, मवेशी अस्पताल, व्यापार मंडल गोदाम और प्रोफेसर कॉलोनी तक जाने वाली सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा रहने से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद अब तक न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान दिया है.

गड्ढों और पानी से भरी सड़क बनी मुसीबत

मुख्य मार्ग से बिजली ऑफिस और मवेशी अस्पताल तक जाने वाली सड़क जगह-जगह टूट चुकी है. सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी जमा रहने के कारण वाहन चालकों को रास्ता समझना मुश्किल हो रहा है. आए दिन मोटरसाइकिल और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं.

महत्वपूर्ण कार्यालयों तक पहुंचना हुआ मुश्किल

इसी मार्ग से बिजली ऑफिस, मवेशी अस्पताल, व्यापार मंडल गोदाम और प्रोफेसर कॉलोनी तक पहुंचा जाता है. इन कार्यालयों से आम लोगों का सीधा जुड़ाव है. बिजली से संबंधित समस्याओं को लेकर रोज बड़ी संख्या में लोग बिजली ऑफिस पहुंचते हैं, जबकि पशुपालक मवेशी अस्पताल आते-जाते रहते हैं. लेकिन खराब सड़क के कारण लोगों को भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है.

सड़क के बीच से गुजरना मतलब हादसे को न्योता

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई वाहन चालक सड़क के बीच से गुजरने की कोशिश करता है तो पानी भरे गड्ढे में गिरना लगभग तय है. जिन लोगों को गड्ढों की जानकारी है, वे किसी तरह किनारे से निकल जाते हैं, लेकिन बाहर से आने वाले लोग अक्सर हादसे का शिकार हो रहे हैं.

धान लदा ट्रैक्टर भी पलटा

दो दिन पहले व्यापार मंडल गोदाम से धान लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर इसी जर्जर सड़क पर पलट गया. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पानी में गिरने से धान की कई बोरियां भींग गयीं. घटना के बाद लोगों में नाराजगी और बढ़ गयी है.

शिकायतों के बाद भी नहीं बदली स्थिति

व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार पटेल ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गयी, लेकिन पदाधिकारियों के ढुलमुल रवैये के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक शायद प्रशासन की नींद नहीं खुलेगी.

लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की उठायी मांग

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यह सड़क सीधे आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यालयों तक जाती है, इसलिए इसकी अनदेखी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन