अमरपुर अंचल को मिले नये सीओ, आकाशदीप सिन्हा ने संभाला पदभार, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर रहेगा फोकस

फोटो- पदभार ग्रहण के दौरान मौजुद सीओ व अंचल कर्मी
अमरपुर अंचल में सोमवार को आकाशदीप सिन्हा ने नये अंचलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया. उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और जनता से सीधे संवाद पर विशेष जोर देने की बात कही.
Amarpur CO: अमरपुर अंचल कार्यालय में सोमवार को नये अंचलाधिकारी (सीओ) के रूप में आकाशदीप सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया. पूर्व अंचलाधिकारी रजनी कुमारी ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया और विधिवत प्रभार सौंपा. पदभार ग्रहण के दौरान अंचल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
कार्यालय कर्मियों से किया परिचय, कार्यशैली बतायी
पदभार ग्रहण करने के बाद नये सीओ आकाशदीप सिन्हा ने अंचल कार्यालय के सभी कर्मियों से परिचय प्राप्त किया. उन्होंने कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों का निष्पादन पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने की भी अपील की.
लंबित मामलों के निष्पादन को दी पहली प्राथमिकता
Amarpur CO: नये सीओ ने कहा कि अंचल कार्यालय में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने बताया कि परिमार्जन, म्यूटेशन, अतिक्रमण वाद तथा अन्य राजस्व मामलों का युद्धस्तर पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
जनता से सीधे संवाद पर रहेगा विशेष जोर
आकाशदीप सिन्हा ने कहा कि अमरपुर क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और नियमानुसार उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाया जाएगा.
कर्मचारी रहे मौजूद
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अंचल निरीक्षक राजेश कुमार झा, राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार, सिकंदर कुमार, मो. कैसर आलम, अमीन मधुलता कुमारी, मधु कुमारी सहित अंचल कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
ALSO READ:मांगें पूरी नहीं होने पर काला बिल्ला लगाकर काम कर रहे राजस्व कर्मचारी, आंदोलन होगा तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रीतम कुमार
प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










