चांदन के एक गांव में 1 किमी दूर से तार खींच घर में पहुंच रही बिजली, ग्रामीणों ने पोल लगाने की उठायी मांग

आवेदन के साथ ग्रामीण उपभोक्ता | Prabhat Khabar Network
Electricity Issue : लहरनियां गांव के ग्रामीणों को 1 किलोमीटर दूर से तार खींचकर बिजली का उपयोग करना पड़ रहा है. बरसात में तार टूटने से हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने विभाग से जल्द पोल लगाने की मांग की है.
Electricity Issue : चांदन प्रखंड के धनुवसार पंचायत अंतर्गत लहरनियां गांव के मुस्लिम टोला में सुरक्षित विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई है. सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कटोरिया स्थित पावर सब-स्टेशन पहुंचे और विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर गांव में बिजली पोल लगाने की मांग की.
एक किलोमीटर दूर से खींचकर जला रहे बिजली
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के करीब 20 घरों तक आज तक बिजली पोल नहीं लगाया गया है. इसके कारण लोगों को लगभग एक किलोमीटर दूर से तार खींचकर बिजली का उपयोग करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि यह व्यवस्था न केवल असुविधाजनक है, बल्कि बेहद खतरनाक भी साबित हो रही है.
बरसात में बढ़ जाता है हादसे का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार बरसात और तेज हवा के दौरान बिजली के तार कई बार टूटकर जमीन पर गिर जाते हैं. इससे करंट लगने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है. ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस समस्या से जूझने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी मंडरा रहा खतरा
लहरनियां गांव में एक विद्यालय भी संचालित है, जहां प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चों का आना-जाना होता है. ग्रामीणों का कहना है कि खुले और लटकते बिजली के तार बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं. साथ ही तार टूटने से बार-बार बिजली आपूर्ति भी बाधित हो जाती है.
विभाग से जल्द समाधान की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से गांव में शीघ्र बिजली पोल लगाने और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. आवेदन पर सेबुल अंसारी, खातून निशा, कौशर अंसारी, मो. अख्तर अंसारी, मो. कासिम अंसारी, शाहजाद अंसारी, मो. आरिस, मो. सलाउद्दीन, मो. असलम, मो. जहीर, बेगुन निशा, मो. गुलाब, मो. जुनेद, मो. दाउद, मो. चांद और मो. अबरार अंसारी सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










