माेबाइल पर एक मैसेज आया और खाते उड़ गये 50 हजार रुपये, अमरपुर के मजदूर ने लगायी गुहार

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 02 Jun 2026 3:33 PM

विज्ञापन

Banka News : मोबाइल पर आया एक सामान्य सा मैसेज और कुछ ही मिनटों में खाते से उड़ गए 50 हजार रुपये. गाजियाबाद में मजदूरी करने वाले एक युवक के साथ साइबर ठगों ने ऐसा खेल किया कि वह बैंक स्टेटमेंट देखकर हैरान रह गया.

विज्ञापन

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के अमरपुर शहर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां वार्ड नंबर 9 निवासी दीपक कुमार के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 50,500 रुपये की अवैध निकासी कर ली. पीड़ित युवक ने अमरपुर थाना और बांका साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

गाजियाबाद में काम करता है पीड़ित युवक

पीड़ित दीपक कुमार ने बताया कि वह जीविकोपार्जन के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मजदूरी करता है. उसने अमरपुर शाखा स्थित बैंक ऑफ इंडिया में अपना बचत खाता खुलवा रखा है ताकि अपने घर का खर्च संभाल सके.

मैसेज आते ही उड़े होश

31 मई की शाम उनके मोबाइल पर पहले 5 हजार रुपये निकासी का मैसेज आया. अभी वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लगातार कई ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 50,500 रुपये उनके खाते से निकाल लिए गए. इस घटना से वह पूरी तरह स्तब्ध रह गया.

बैंक स्टेटमेंट से खुला पूरा मामला

पीड़ित युवक सोमवार को गाजियाबाद से ट्रेन पकड़कर मंगलवार को अपने गांव अमरपुर पहुंचा. बैंक जाकर जब उसने खाते का पूरा स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि अलग-अलग नामों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं.

ओटीपी साझा नहीं करने का दावा

दीपक कुमार ने बताया कि उसने किसी को भी ओटीपी नहीं बताया और न ही किसी अज्ञात नंबर से कोई कॉल आया था. इसके बावजूद खाते से पैसे निकल जाना उसे साइबर ठगी का शिकार होने की ओर इशारा करता है.

थाने और साइबर थाने में की शिकायत

घटना के बाद पीड़ित युवक ने अमरपुर थाना और बांका साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. उसने ठगों की पहचान कर पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है.

पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है. साइबर थाना की टीम भी ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगालने में जुटी हुई है ताकि ठगों तक पहुंचा जा सके.

साइबर अपराध को लेकर बढ़ी चिंता

इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है ताकि रकम की रिकवरी की संभावना बढ़ सके.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन