फीस के दबाव में छात्रा ने की खुदकुशी? अमृतसर के स्कूल पर प्रताड़ना का आरोप, केस दर्ज

मृतका की मां और उत्तरी अमृतसर के एसीपी गगनदीप सिंह, फोटो- एएनआई
Amritsar Student Suicide: पंजाब के डीडीआईएस (DDIS) स्कूल की एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली. परिजनों का आरोप है कि फीस जमा न होने के कारण स्कूल में उसे लगातार परेशान कर रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई थी.
Amritsar Student Suicide: पंजाब के अमृतसर में 17 साल की स्कूली छात्रा की मौत के बाद बवाल हो गया है. मृतक छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बकाया फीस को लेकर स्कूल प्रशासन लगातार उस पर दबाव बना रहा था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों का दावा है कि इसी तनाव के चलते छात्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
फीस को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां सरबजीत कौर के अनुसार उनकी बेटी डीडीआई इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थी और उसने कक्षा 10वीं में 82 प्रतिशत अंक भी हासिल किए थे. उन्होंने बताया कि स्कूल फीस का कुछ हिस्सा बकाया था, जिसके कारण स्कूल की एक शिक्षिका और प्रिंसिपल कथित रूप से उनकी बेटी को कक्षा में अपमानित और प्रताड़ित करते थे.
सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने उन्हें इस बारे में बताया था, लेकिन उन्होंने उस समय मामले को गंभीरता से नहीं लिया. उनका कहना है कि लगातार दबाव और मानसिक तनाव के कारण उनकी बेटी ने यह कदम उठाया. परिजनों ने मामले में न्याय की मांग करते हुए संबंधित स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजनों के अनुसार जहरीला पदार्थ खाने के बाद जब छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी तो आनन-फानन में उसे इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. उत्तरी अमृतसर के एसीपी गगनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक छात्रा की विषैले पदार्थ खाने के बाद फोर्टिस अस्पताल में मौत हो गई है. उन्होंने कहा कि युवती के पिता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल प्रशासन ने छात्रा के शैक्षणिक परिणाम रोक रखे थे और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
एसीपी गगनदीप सिंह के मुताबिक मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










