बनियारा गांव के अपहृत युवक को चंद घंटों में ही पुलिस ने किया बरामद

Updated at : 19 May 2025 7:36 PM (IST)
विज्ञापन
बनियारा गांव के अपहृत युवक को चंद घंटों में ही पुलिस ने किया बरामद

बाराहाट पुलिस ने झारखंड के हंसडीहा थाना क्षेत्र से अपहृत युवक को घटना के कुछ घंटे के बाद ही सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है.

विज्ञापन

गिरफ्तार अपहर्ताओं में से एक पहले से ही था अपहृत युवक का परिचित

प्रतिनिधि, बौंसी

बाराहाट पुलिस ने झारखंड के हंसडीहा थाना क्षेत्र से अपहृत युवक को घटना के कुछ घंटे के बाद ही सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है. इसके साथ ही अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सोमवार को बौंसी पुलिस अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता में एसडीपीओ कुमारी अर्चना ने गिरफ्तार तीनों अपराधियों की जानकारी देने के साथ-साथ घटना की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 18 मई को हंसडीहा थाना क्षेत्र के बनियारा गांव निवासी गुड़िया देवी ने अपने पति राहुल कुमार साह के अपहरण की लिखित शिकायत बाराहाट थाना में की थी. इसमें बताया गया था कि उसके पति को बाराहाट थाना क्षेत्र में कहीं छिपा कर रखा गया है, जिसे छोड़ने के एवज में अपराधी दो लाख की फिरौती की मांग कर रहा है. पीड़ित महिला को आशंका थी कि कहीं उसके पति के साथ कोई अनहोनी ना हो जाये. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बौंसी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इसमें बौंसी सर्किल के पुलिस निरीक्षक राज रतन, थानाध्यक्ष दीपक पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक राजू ठाकुर, संगीता कुमारी के साथ-साथ कांस्टेबल पुरुषोत्तम, जितेंद्र कुमार, पवन कुमार तिवारी, अरुण कुमार, धनजी प्रसाद और उमेश प्रसाद यादव को शामिल किया गया था. इसके अलावा झारखंड की हंसडीहा पुलिस ने भी काफी सहयोग किया है. मालूम हो कि घटना में और भी अपराधियों के शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है. जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी.

अपराधियों से था पुराना परिचय

पुलिस को पीड़ित युवक राहुल कुमार साह ने बताया कि वह बाइक से सुल्तानगंज जा रहा था. अपहर्ता वाहिद से युवक का पुराना परिचय था. बताया जाता है कि बाराहाट थाना क्षेत्र के पड़घड़ी गांव में राहुल का ससुराल है. बाराहाट थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव में दुर्गा पूजा के दौरान उसकी दोस्ती वाहिद से हुई थी. 18 मई को जब वह सुल्तानगंज जा रहा था, तो उसने ही वाहिद को इसकी जानकारी दी थी. इसके बाद बीच रास्ते में हथियारबंद बदमाशों ने उसे रोक कर अगवा कर लिया गया था. इसके बाद राहुल के मोबाइल से ही फिरौती की मांग परिजनों से की जाने लगी थी. इस दौरान 10000 रुपये परिजनों ने अपराधियों को फोन पे के जरिये ट्रांसफर कर दिये थे. अपहर्ताओं ने राहुल के साथ मारपीट भी की है.

खंडहरनुमा मकान में रखा गया था राहुल को

मालूम हो कि अपहृत राहुल को भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग के खड़हड़ा गांव के समीप बौंसी भागलपुर नेशनल हाईवे के 100 मीटर पूरब की ओर एक बगीचे में खंडहर नुमा मकान में छुपा कर रखा गया था. पुलिस ने घटना में शामिल तीन शातिर खड़हारा गांव के अपराधी मोहम्मद शहाबुद्दीन के 30 वर्षीय पुत्र अक्कू, रशीद के 26 वर्षीय पुत्र वाहिद और मुस्तकीम के 29 वर्षीय पुत्र अकबर को भी गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किये गये हैं. सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में सोमवार को जेल भेज दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन