नयागांव में श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का समापन

प्रखंड क्षेत्र के नयागांव में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समापन हो गया
बौंसी. प्रखंड क्षेत्र के नयागांव में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा का सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समापन हो गया. मालूम हो कि यह धार्मिक आयोजन 20 अप्रैल से प्रारंभ होकर 26 अप्रैल तक चला, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित होते रहे. समापन के अवसर पर विधि-विधान के साथ कलश विसर्जन की प्रक्रिया गांव के पोखर में संपन्न करायी गयी. इस दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरे वातावरण में भक्ति भाव का संचार देखने को मिला. जय श्रीहरि और हरि बोल के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. इस सप्ताह भर चलने वाले धार्मिक कार्यक्रम में कथावाचन का कार्य स्वामी सुबोधानंद महाराज के सानिध्य में हुआ. उनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित किया. कथा के दौरान प्रस्तुत झांकियों ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिनके दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे. आयोजन को लेकर नयागांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला. पूरे सप्ताह गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा. कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ-साथ गांव के ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया. मालूम हो की नयागांव में आयोजित यह श्रीमद्भागवत कथा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनी, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक सहयोग का भी एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




