श्रावणी मेला : डीएम-एसपी ने 3 किमी पैदल चलकर परखी तैयारियां, कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

कांवरिया पथ का निरीक्षण करते डीएम, एसपी व अन्य पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network
Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने गहनता से जायजा लिया. उन्होंने स्वयं 3 किलोमीटर पैदल चलकर कांवरिया पथ पर व्यवस्थाओं को परखा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
Shravani Mela 2026: निरीक्षण की शुरुआत जिलेबिया मोड़ स्थित सरकारी धर्मशाला और उपनियंत्रण कक्ष से हुई. यहां डीएम और एसपी ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान सूचना केंद्र, स्वास्थ्य शिविर, अस्थायी थाना, शौचालय, स्नान कक्ष, विश्राम कक्ष और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उपनियंत्रण कक्ष पर जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं की जानकारी वाला सूचना पट्ट लगाया जाए.
कांवरिया पथ पर पैदल पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
समीक्षा बैठक के बाद डीएम और एसपी ने जिलेबिया मोड़ से झरना पहाड़ी तक करीब तीन किलोमीटर लंबे कच्चे कांवरिया पथ का पैदल निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क पर बिछाए गए बालू, बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया गया. अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी देने वाले आकर्षक सूचना बोर्ड लगाए जाएं.
हर सुविधा की दूरी बताने वाले लगेंगे सूचना बोर्ड
निरीक्षण के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देश दिया गया कि कांवरिया पथ पर शौचालय, विश्रामालय, पेयजल केंद्र, स्वास्थ्य शिविर और प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क नंबर की जानकारी वाले सूचना पट्ट लगाए जाएं. साथ ही प्रत्येक सूचना बोर्ड पर आगे उपलब्ध सुविधाओं की दूरी भी स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता
डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि श्रावणी मेले में देश-विदेश और विभिन्न राज्यों से आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं के स्वागत और हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त उपेंद्र सिंह, एसडीओ राजकुमार, एसडीपीओ डॉ. रविंद्र मोहन प्रसाद, बीडीओ कुमार सौरभ, सीओ आलोक कुमार, थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अभियंता भी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










